आगरालीक्स…आगरा में राजा की मंडी, आगरा कैंट, आगरा फोर्ट स्टेशन पर बंदरों को भगाने के लिए रेलवे ने लंगूर के पोस्टर लगाए। लंगूर की आवाज का साउंड सिस्टम।
आगरा में बढ़ता जा रहा है बंदरों का आतंक

आगरा में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। विश्वस्तरीय पर्यटक स्थल ताजमहल हो अथवा कोई अन्य स्मारक। अस्पताल हों या रेलवे स्टेशन कोई स्थान ऐसा नहीं बचा है, जहां बंदरों का आतंक नहीं बढ़ा है। लोग इनके काटने से आए दिन घायल हो रहे हैं। राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर दो दिन पूर्व बंदरों के काटने से एक दरोगा भी घायल हो गया था।
आगरा कैंट, फोर्ट स्टेशन पर भी लगाए पोस्टरप
रेलवे ने बंदरों से निपटने के लिए आगरा कैंट, राजा की मंडी, आगरा फोर्ट स्टेशन पर इसके लिए पहल करते हुए बंदरों के पोस्टर और कट आउट खंभों पर विज्ञापन की तर्ज पर लगा दिए हैं और साउंड सिस्टम भी लगाया है, जिससे बंदर भाग जाएं।
राजा मंडी स्टेशन पर लंगूर के पोस्टर को मुंह चिढ़ा रहे बंदर
राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर बंदरों का सबसे ज्यादा आतंक है। यहां पोस्टर अभी एक लगा है, जबकि बंदरों की भरमार है। लंगूर के पोस्टर का उनपर कोई असर नजर नहीं आता, यहां अभी साउंड सिस्टम काम नहीं करता है। स्टेशन पर स्टॉल लगाने वाले दुकानदार गुलेल लेकर अपने सामान की रक्षा करते हैं।
स्टेशनों पर प्रयोग सफल रहा हैः श्रीवास्तव
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि देश के कई रेलवे स्टेशनों पर इस तरह का प्रयोग सफल रहा है। वन विभाग और नगर निगम से बंदरों को भगाने के लिए पत्राचार किया गया है। वहां से कोई योजना नहीं बनती है, तब तक के लिए व्यवस्था की गई है।