आगरालीक्स…आगरा के गिरिजाघरों में खजूर इतवार पर हुई विशेष प्रार्थना सभा. ईसाई पंचांग का पुण्य सप्ताह शुरू. गुड फ्राइडे और ईस्टर संडे जैसे महापर्व होंगे…सेंट पीटर्स से पाम संडे पर निकला ऐतिहासिक जुलूस
नगर के समस्त ईसाई समुदाय ने खजूर रविवार के पावन पर्व के साथ ईसाई पंचांग के सबसे पवित्र एवं महत्वपूर्ण सप्ताह होली वीक (पुण्य सप्ताह) में प्रवेश किया। यह सप्ताह प्रभु यीशु मसीह के दुःख, मृत्यु और पुनरुत्थान की स्मृति में मनाया जाता है, जिसमें गुड फ्राइडे और ईस्टर संडे जैसे महापर्व शामिल हैं। खजूर इतवार के अवसर पर आगरा के सभी गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निष्कलंक माता महागिरजाघर में आगरा के महाधर्माध्यक्ष डॉ. राफि मंजलि द्वारा समारोही पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया। डॉ. राफि ने बाइबिल से पाठ पढ़ते हुए खजूर रविवार के आध्यात्मिक महत्व को श्रद्धालुओं के समक्ष स्पष्ट किया। मिस्सा के प्रारम्भ में फादर राजन दास, फादर मिरांडा, फादर एल्विन पिंटो एवं फादर शाजी द्वारा खजूर वृक्ष की डालियों पर पवित्र जल छिड़क कर उन्हें आशीषित किया गया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालु डालियाँ हाथ में लेकर "होसन्ना!" (प्रभु की जय) का जयघोष करते हुए गिरजाघर में प्रविष्ट हुए। परंपरागत विधि-विधान के साथ पवित्र मिस्सा सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर सेंट मेरी चर्च प्रतापपुरा में फादर जोसेफ डाबरे ने प्रभु यीशु मसीह के यरूशलेम में विजय प्रवेश की व्याख्या करते हुए अपने प्रवचन में जरूरतमंदों की सेवा को ईसाई धर्म का मूल सन्देश बताया। इस मिस्सा के दौरान फादर सन्तोष, फादर ल्लॉयड एवं फादर जॉन ने भी खजूर की डालियों पर पवित्र जल छिड़क कर आशीष प्रदान की। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने समस्त ईसाई समाज से मॉंडी थर्सडे, गुड फ्राइडे, एवं पुनरुत्थान रविवार (ईस्टर संडे) की पवित्र मिस्साओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस पुण्य सप्ताह को आस्था, भक्ति और सेवा भाव से मनाने की अपील की। यह सप्ताह ईसाई विश्वास का मूल है, जब सम्पूर्ण मसीही समुदाय प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, बलिदान और पुनरुत्थान को स्मरण करते हुए आत्मनिरीक्षण एवं प्रार्थना में समय व्यतीत करता है। यह काल केवल धार्मिक अनुष्ठानों का नहीं, बल्कि आत्मिक पुनरुद्धार एवं सेवा कार्यों के प्रति समर्पण का भी होता है।

पाम संडे पर आगरा मसीही समाज ने निकाला भव्य जुलूस
आज रविवार को पाम संडे के पावन अवसर पर आगरा मसीही समाज कमिटी की ओर से एक भव्य और ऐतिहासिक जुलूस का आयोजन किया गया। शुभारंभ सेंट पीटर चर्च, वज़ीरपुरा में एक प्रार्थना सभा के साथ हुआ। सभा में फादर राजन दास ने पाम संडे के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार यह दिन प्रभु यीशु के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, जब उन्होंने यरूशलेम में प्रवेश किया और लोगों ने उन्हें खजूर की डालियाँ दिखाकर, "होशन्ना" कहकर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात पास्टर अनिल बी. लाल ने बाइबिल पाठ कर पवित्र संदेश दिया, जिसमें उन्होंने प्रभु यीशु के प्रेम, त्याग और उद्धार के मार्ग को समझाया।

पूरे मार्ग पर भक्ति, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुपम छटा देखने को मिली। जुलूस के दौरान मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय चर्चों एवं संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के स्वागत हेतु जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था की। विभिन्न चर्चों के प्रतिनिधियों, पास्टर्स, युवा संगठन, महिला मंडलियों एवं बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को और भी प्रभावशाली बना दिया। कार्यक्रम में उपस्थित नवीन पुषोंग, अलेक्जेंडर इम्मानुएल, डॉ. अमित नेल्सन सिंह, पास्टर पंकज परिहार, डॉ. हनोक मैसी, पास्टर महेश, विनीत सिंह, अजय एलिस, श्री लॉरेंस मैसी, पास्टर, प्रकाश मार्शल, पास्टर लकी मार्टिन, पास्टर विशेष ब्राउन और पास्टर मैक इम्मानुएल एवं मसीही समाज के वरिष्ठ जन शामिल थे। कमिटी के सचिव डॉ. अमित नेल्सन सिंह ने इसे न केवल एक धार्मिक उत्सव बताया, बल्कि इसे समाजिक एकता, प्रेम, और सेवा भावना का प्रतीक भी कहा।