आगरालीक्स…आगरा में एसएसपी ने सदर और थाना ताजगंज के इंस्पेक्टर और एक चौकी प्रभारी को किया लाइन हाजिर. कई थाना प्रभारी बदले
आगरा के एसएसपी प्रभाकर चौधरी इस समय एक्शन में हैं. वे लगातार लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं. गुरुवार रात को उन्होंने थाना निबोहरा के एसओ मनोज कुमार शर्मा और दरोगा चंद्रभान सिंह को निलंबित किया था तो वहीं आज थाना सदर और थाना ताजगंज के इंस्पेक्टर और सीडीओ चौकीप्रभारी को भी लाइन हाजिर कर दिया है. एसएसपी इससे पहले भी कई अन्य चौकी प्रभारियों को पुलिस लाइंस भेज चुके हैं और कई को देहात से शहर की पुलिस चौकियों पर भेजा है.

दो दिन पहले भी थाना सदर पुलिस के खिलाफ विधायक जीएस धर्मेश ने लोगों की समस्या न सुनने व लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए धरना दिया था. वहीं इंस्पेक्टर ताजगंज के खिलाफ भी एसएसपी को पिछले दिनों में कई शिकायतें मिली थीं.

एसएसपी का मीडिया से कहना है कि प्रशासनिक आधार पर इंस्पेक्टर सदर धर्मेंद्र कुमार दहिया और इंस्पेक्टर ताजगंज भूपेंद्र कुमार बालियान को लाइन हाजिर किया है. इसके साथ ही सीडीओ चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव को भी लापरवाही में एसएसपी ने लाइन हाजिर किया है.