आगरालीक्स…आगरा में संपत्ति को लेकर सौतेले भाई की हत्या. पहली गोली पेट में मारी तो दूसरी कनपटी पर…मौके पर ही मौत. दो अरेस्ट
आगरा में संपत्ति विवाद को लेकर सौतेले भाई की गोली मारकर हत्या को अंजाम दिया गया है. पैतृक जमीन को लेकर हुए विवाद में भाई और उसके बेटों ने ने युवक की जान ले ली. पुलिस ने आरोपी के दोनों बेटों को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है.
ये है मामला
मामला डौकी क्षेत्र का है. डौकी के नगला आमहौद में नवाब सिंह की यमुना के खादरों के पास 35 बीघा पैतृक जमीन है. नवाब सिंह पांच भाई हैं. नवाब सिंह की मां गुलाबो की पहली शादी फिरोजाबाद के नगला सिंघी थाना क्षेत्र के रसूलाबाद में हुई थी. गुलाबों के पहले पति से श्याम सिंह पैदा हुआ. श्याम सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रसूलाबाद में ही रहता है. चार साल पहले गुलाबो की मौत हो गई. उसके दोनों पतियों की पहले ही मौत हो चुकी थी.

श्याम सिंह ने नवाब सिंह और उसके भाई से नगला आमहौद में स्थित 35 बीघा पैतृक जमीन में से अपना हिस्सा मांगा. इसे लेकर पंचायत हुई तो श्याम सिंह को 5 बीघा जमीन देने की बात तय हुई. लेकिन नवाब सिंह ने श्याम सिंह के नाम दाखिला खारिज नहीं होने दिया. इसके बाद श्याम सिंह ने पूरी जमीन पर कोर्ट में केस दायर कर दिया. इस जमीन में गेहूं की फसल थी. शनिवार को श्याम सिंह अपने हिस्से की जमीन पर से गेहूं की फसल काटने के लिए पहुंचा. इस पर नवाब सिंह ने अपने भाई छत्रपाल को उसे रोकने के लिए भेज दिया. इस पर छत्रपाल और श्याम सिंह के बीच विवाद हो गया. मौके पर श्यामसिंह के बेटे चंद्रभान और वकील भी थे.
दोनों पक्षों में मारपीट हो गई. इस पर श्याम सिंह और उसके बेटों ने छत्रपाल को गोली मार दी. पहली गोली छत्रपाल के पेट में लगी. इस पर छत्रपाल बचने के लिए वहां से गांव की ओर भागा तो दूसरी गोली उसकी कनपटी पर मार दी जिससे छत्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद सभी आरोपी वहां से भाग निकले. सूचना पर एसएसपी और सीओ सौरभ सिंह मौके पर पहुंच गए. मुकदमे में श्याम सिंह और उसके दो बेटे चंद्रभान और वकील को नामजद कराया गया. पुलिस ने चंद्रभान और वकील को अरेस्ट कर लिया है. श्याम सिंह को गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.