आगरालीक्स…आगरा के आरबीएस कॉलेज में वॉक इन इंटरव्यू में छात्रों को बताई प्लेसमेंट ड्राइव में सफलता प्राप्त करने की रणनीति. साक्षात्कार की तैयारी, ग्रुप डिस्कशन, संचार कौशल की दी जानकारी
आरबीएस कॉलेज के प्लेसमेंट सेल की संयोजिका प्रो. सुरेखा तोमर तथा सेल की टीम के निर्देशन में विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने एवं उन्हें प्लेसमेंट प्रक्रिया के लिए तैयार करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सर्वप्रथम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव का स्वागत एवं अभिनंदन प्लेसमेंट सेल की संयोजिका प्रो. सुरेखा तोमर द्वारा किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम के विशेषज्ञ वक्ता श्री पवन वरुण जी का स्वागत डॉ. बृजेश सिंह तोमर द्वारा किया गया।
प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ कौशल विकास, आत्मविश्वास, संप्रेषण क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपने करियर के प्रति सजग एवं गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। विशेषज्ञ वक्ता पवन वरुण ने विद्यार्थियों को प्लेसमेंट ड्राइव में सफलता प्राप्त करने की रणनीति, प्रभावी सी.वी. निर्माण, साक्षात्कार की तैयारी, ग्रुप डिस्कशन, संचार कौशल तथा कॉरपोरेट क्षेत्र में आवश्यक व्यावसायिक दक्षताओं के संबंध में महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को साक्षात्कार के दौरान आत्मविश्वास के साथ अपनी योग्यता एवं क्षमताओं को प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्लेसमेंट सेल के सदस्यों डॉ. नीरज सिंह, डॉ. अब्दुल मजीद, डॉ. बृजेश सिंह तोमर, डॉ. सत्यवीर सिंह, डॉ विकास पाल एवं डॉ. आलोक सिंह की सक्रिय सहभागिता रही। डॉ. नीरज सिंह द्वारा विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन कराया गया, जबकि डॉ. अब्दुल मजीद एवं डॉ. सत्यवीर सिंह, डॉ विकास पाल ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं संचालन में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आलोक सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ICICI Bank एवं Axis Bank के लिए Walk-in Interview आयोजित किए गए, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें वर्तमान रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना रहा।