आगरालीक्स…राष्ट्रीय खेल दिवस पर आगरा के स्पोर्टस इंजरी विशेषज्ञ डॉ. राजत सर्व कपूर को नोएडा में किया गया सम्मानित
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा के स्पोर्ट्स इंजरी विशेषज्ञ डॉ. राजत सर्व कपूर को ग्रेटर नोएडा स्थित GIMS में आयोजित इंडियन आर्थ्रोस्कोपी सोसायटी–जॉइंट प्रिजर्वेशन प्रोग्राम (IAS–JOPP) के दौरान सम्मानित किया गया। इस अवसर पर IAS–JOPP कार्यक्रम के आयोजन सचिव एवं GIMS, ग्रेटर नोएडा के डॉ. विकास सक्सेना द्वारा डॉ. राजत सर्व कपूर को सम्मानित किया गया। डॉ. राजत कपूर ने कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में सहभागिता के साथ-साथ प्रतिष्ठित अकादमिक कार्यक्रम में फैकल्टी के रूप में भी अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम में घुटने की आर्थ्रोस्कोपी, जॉइंट प्रिजर्वेशन एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श एवं ज्ञान का आदान-प्रदान किया गया।
डॉ. राजत सर्व कपूर इंडियन आर्थ्रोस्कोपी सोसायटी (IAS) की एग्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्य भी हैं। उन्होंने इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का हिस्सा बनने को अपने लिए गौरव और सौभाग्य का विषय बताया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य, वरिष्ठ चिकित्सकों, शिक्षकों एवं अपने सभी गुरुओं के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों का निरंतर मार्गदर्शन उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। डॉ. राजत सर्व कपूर खेल चोटों एवं आधुनिक आर्थ्रोस्कोपिक उपचार के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं तथा खेल चोटों की रोकथाम, उपचार और जॉइंट प्रिजर्वेशन के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रहे हैं।