आगरालीक्स ….आगरा के सुभाष पार्क, आगरा चौपाटी और आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट को निजी हाथों में सौंपा जाएगा। 15 दिन में शहरवासियों से मांगे गए सुझाव, जानें क्या है कारण।

जी 20 के लिए आगरा विकास प्राधिकरण ने आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट विकसित किया था, इसके साथ ही ताजगंज जोनल पार्क में आगरा चौपाटी विकसित की गई। आगरा चौपाटी में एडीए ने किराए पर दुकानें दी हैं, आगरा चौपाटी और आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट के रखरखाव के लिए एडीए आउटसोर्स पर देने की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही एमजी रोड स्थित सुभाष पार्क का रखरखाव ठीक से करने के लिए भी एडीए इसे आउटसोर्सिंग में देने के प्रयास में जुटा है।
ईओआई के तहत मांगे गए सुझाव
एडीए का मानना है कि सुभाष पार्क, आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट और आगरा चौपाटी को निजी हाथों में देने से रखरखाव ठीक होगा। इसके साथ ही एडीए की आय भी होगी। आउटसोर्सिंग पर इन्हें देने के लिए एडीए ने ईओआई यानी अभिव्यक्ति की अभिरुचि के आधार पर सुझाव मांगे हैं, 15 दिन में सुझाव देने हैं।