आगरालीक्स..Agra News: आगरा की पॉश कॉलोनी में प्रोविजनल स्टोर पर छापा, घरेलू गैस सिलिंडर से रीफिलिंग कर 5 किलो के सिलिंडर और कमर्शियल सिलिंडर किए जा रहे थे तैयार।
आगरा में कमर्शियल गैस सिलिंडर ना मिलने और घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग के नियमों में हुए बदलाव से लोग पांच किलोग्राम के सिलिंडर ले रहे हैं। साथ ही दुकानों पर इस्तेमाल करने के लिए कमर्शियल सिलिंडर की मांग ज्यादा है। ऐसे में आपूर्ति विभाग की टीम ने सोमवार को बसेरा एन्क्लेव, दयालबाग स्थित शिवम जनरल स्टोर पर छापा मारा। डीएसओ आनंद सिंह के अनुसार, छापे के दौरान प्रोविजनल स्टोर की जांच करने पर गैस की बदबू आ रही थी, इसके बाद घर की तलाशी ली, प्रोविजनल स्टोर संचालक यादराम ने घर की तलाशी लेने का विरोध भी किया। इसके बाद पुलिस को बुला लिया गया, पुलिस की मौजूदगी में तलाशी ली गई। ( Agra News: Supply department raid in Provisional Store in dayalbagh, & LPG Cylinder seized)
सात सिलिंडर और रीफिलिंग का सामान मिला
घर की जांच में टीम को पांच घरेलू और दो कमर्शियल सिलिंडर मिले, घरेलू सिलिंडर में 14 किलोग्राम और सात किलोग्राम गैस थी। इससे कमर्शियल सिलिंडर और पांच किलोग्राम के सिलिंडर में गैस की रिफिलिंग की जाती थी। इसके साथ ही एक गैस रिफिलिंग मशीन और एक वजन तोलने की मशीन भी मिली है। थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।