आगरालीक्स… ताजमहल को कृत्रिम प्रकाश में रात 10 बजे तक खोलने की मांग, इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

पर्यटन कारोबारियों ने ताजमहल व पालीवाल पार्क में रात्रि 10 बजे तक कृत्रिम प्रकाश व्यवस्था की जाये, जिससे रात्रि में भी पर्यटक ताजमहल का दीदार कर सकें और लाल किला, एत्माद्दौला, फतेहपुर सीकरी में रात्रि में कृत्रिम प्रकाश व्यवस्था एवं साउण्ड की व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम को प्रतिरात्रि स्थानीय महापुरूष के नाम से की जाये, जिससे पर्यटन को अत्यधिक बढ़ावा मिलेगा और रोजगार उत्पन्न होगा।
सोमवार को केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागर में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक सम्पन्न हुई। पर्यटन अधिकारी द्वारा समस्त समिति के पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया कि जनपद में पौराणिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक तथा सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण तथा संवर्धन करना, विभिन्न पर्यटन एवं सांस्कृतिक स्थलों को प्रमुख स्थलों से जुड़े व्यक्तियों कलाकारों एवं स्थानीय समुदाय के आर्थिक विकास व रोजगार, लोक विधाओं, पर्यटन एवं संस्कृति विकास हेतु नये क्षेत्रों की पहचान करना एवं पर्यटन के विभिन्न आयामों यथा- आवास, खान-पान, ट्रैवल एजेंसी, संस्कृति, साहित्य, मनोरंजन आदि गतिविधियों को प्रोत्साहन जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा किया जायेगा।
बटेश्वर के साथ ही कैलाश मंदिर पर होगा काम
पर्यटन अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में ग्राम बटेश्वर, जैन तीर्थ स्थल शौरीपुर, बटेश्वर मंदिर परिसर, बटेश्वर इको टूरिज्म साइट, स्प्रिचुअल आर्ट गैलरी, फतेहपुर सीकरी के ग्राम सहनपुर में हवेली वाले हनुमान मंदिर, कैलाश मंदिर, फतेहाबाद तहसील में शाला मेबली खुर्द एवं ग्राम मुदगलपुरा में प्राचीन पुरामुदगल ऋषि प्रणीत माता जी मंदिर आदि के प्रस्ताव शासन को प्रस्तुत किये जा चुकें हैं, जिस पर शासन की अनुमति उपरान्त कार्य कराये जायेंगे।