आगरालीक्स….आगरा में फिल्म के हर शो पर 500 रुपये टैक्स. नगर निगम ने बढ़े टैक्स के साथ रिकवरी नोटिस भी भेजा. संचालक बोले—बंद हो जाएंगे सभी सिनेमाघर, ये मांग की…
आगरा में फिल्म के हर शो पर अब सिनेमाघर मालिकों को 500 रुपये टैक्स देना होगा. आगरा नगर निगम ने नई दरें लागू कर दी हैं और अक्टूबर 2023 से इसे प्रभावी करते हुए रिकवरी के नोटिस भी सिनेमाघर संचालकों को भेज दिए हैं. इसमें सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स दोनों शामिल हैं. अब तक सिनेमाघर मालिकों को प्रति शो 20 रुपये देना होता था लेकिन लेकिन सहायक नगर आयुक्त डॉ. अश्वनी कुमार द्वारा सिनेमाघर संचालकों को अक्टूबर 2023 से प्रति शो 500 रुपये जमा करने का रिकवरी नोटिस जारी किया गया है.
सिनेमाघर संचालकों का विरोध
नगर निगम द्वारा की गई इस वृद्धि के विरोध में अब सिनेमाघर संचालक भी उतर आए हैं. आज उन्होंने नगर निगम जाकर मेयर हेमलता दिवाकर से मुलाकात की और अपनी पीड़ा बताई. आगरा सिनेमा एग्जीबिटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबोध गर्ग का कहना है कि शो टैक्स की वृद्धि को रोका जाय जिससे सिनेमा व्यवसाय सुचारु रुप से कार्यरत रहे. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सिनेमाघरो को पुनः जीवित करने के लिये विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की गई तथा 40% मनोरंजन कर के स्थान पर 18% व 12% जीएसटी दिनांक 1 जुलाई 2017 से लागू किया गया जबकि नगर निगम द्वारा इस तरफ ध्यान ना देकर सिनेमा शो टैक्स मे 2400% तक की वृद्धि की जा रही है. इस प्रकार उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दी जाने वाली प्रोत्साहन योजना असफल हो जायेगी तथा सिनेमा बन्द हो जायेंगे तथा इस योजना का लाभ लेने से वंचित हो जाएंगे. उन्होंने बताया कि आगरा शहर में करीब 36 सिनेमाघर थे जो कि घटकर अब 12 रह गये हैं, यदि ये शो टैक्स लागू कर दिया गया तो ये 12 सिनेमाघर भी अपने आप ही बंद हो जाएंगे. एसोसिएशन ने मांग की है कि शो टैक्स में वृद्धि न की जाय और अगर करनी ही है तो रु 20/ के स्थान पर ₹30/- सिंगल स्क्रीन के एवं ₹50 मल्टीप्लेक्स के कर दिया जाये जिससे सिनेमा घर लिप्त होने से बच जाये.
नोटिस निरस्त करने की मांग
आगरा सिनेमा एग्जीबिटर्स एसोसियेशन ने नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से शौ टैक्स वृद्धि के साथ जारी किए गए नोटिस को निरस्त करने की मांग की है. एसोसिएशन ने अवगत कराया कि वर्ष 2018 में इसी तरीके से शो टैक्स सिनेमा/मल्टीप्लेक्स पर टैक्स बढ़ाया गया था, जो की सिनेमा/मल्टीप्लेक्स स्वामियों के आपत्ति के बाद वृद्धि वापस ली गयी थी. अब फिर से सिनेमा/मल्टीप्लेक्स बिना स्वामियों की सलाह के बढ़ाया जाना अनुचित है तथा इससे वित्तीय भार सिनेमा/मल्टीप्लेक्स पर पड़ेगा, जो की न्याय सांगत नहीं है. एसोसिएशन ने ये भी कहा है कि सिनेमा/मल्टीप्लेक्स स्वामियों से विचार विमर्श के बाद ही कोई वृद्धि की जाये, तब तक उक्त सभी नोटिस निरस्त करने का कष्ट करें.
आगरा से बड़े महानगर लखनऊ, कानपुर में शो टैक्स कम
नगर निगम में की गई मुलाकात में सिनेमाघर श्री टॉकीज के संचालक निमित अग्रवाल का कहना है कि आगरा से बड़े दो महानगर लखनऊ और कानपुर हैं लेकिन लखनऊ में सिंगल स्क्रीन के शो पर 50 रुपये लिए जा रहे हैं तो वहीं कानपुर में 40 रुपये. आगरा इन दो महानगरों की अपेक्षा छोटा है लेकिन यहां शो टैक्स में इतनी बड़ी वृद्धि समझ से परे है. रिकवरी नोटिस को तत्काल निरस्त किया जाए और शो टैक्स वृद्धि को रोका जाए.