आगरालीक्स…आगरा में रिश्वत लेते पकड़ा गया तहसील का बाबू. विजिलेंस टीम ने मौके से ही दबोचा. जानें किस काम के लिए कितने रुपये की ले रहा था रिश्वत.
आगरा की विजिलेंस टीम ने आज सदर तहसील में कार्यरत बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ अरेस्ट किया है. आरोपी बाबू ने बीएलओ से ड्यूटी काटने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी जिसकी शिकायत पर विजिलेंस टीम मौके पर पहुंची और उसे दबोच लिया.
शिकायत करने वाले शिक्षक का आरोप था कि वह परेशानी के चलते ड्यूटी नहीं करना चाहता है. उसने पता किया कि सदर तहसील में बाबू को बीएलओ की ड्यूटी लगाने की जिम्मेदारी है. इस पर बाबू ने शिक्षक से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी. शिक्षक की शिकायत पर विजिलेंस की टीम ने आज बाबू को घूस लेते हुए रंगे हाथ अरेस्ट कर लिया. आरोपी बाबू के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी बाबू का नाम गिरजेश बताया गया है जो कि नलकूप विभाग का है.