आगरालीक्स…टी20 वर्ल्ड कप के बीच जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया घोषित कर दी गई है, आगरा के ध्रुव जुरेल को टीम में शमिल किया गया है
भारतीय क्रिकेट टीम जुलाई में जिम्बाब्वे का दौरा करेगी। टी20 वर्ल्ड कप के बीच जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम घोषित कर दी गई है। आगरा के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया है। आगरा के कैंट क्षेत्र स्थित डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले ध्रुव जुरेल इससे पहले इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत ए की तरफ से खेल चुके हैं।
इस दौरे पर 5 टी20 मैच खेले जाएंगे। बीसीसीआई ने जिम्बाब्वे टूर के लिए भारत की तकरीबन पूरी टीम बदल दी है। जिम्बाब्वे जाने वाली टीम में टी20 वर्ल्ड कप की टीम के सिर्फ दो सदस्य होंगे। ये दो सदस्य संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल हैं। जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल को मिली है। टीम का उप कप्तान घोषित नहीं किया गया है। भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, रियान पराग और तुषार देशपांडे को पहली बार शामिल किया गया है। इन चारों ने आईपीएल 2024 में जबरदस्त प्रदर्शन किया था।
जिम्बाब्वे दौरे वाली भारतीय टीम में शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल, नीतीश रेड्डी, रियान पराग, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, आवेश खान, मुकेश कुमार, खलील अहमद, तुषार देशपांडे शामिल हैं।
बता दें कि आगरा के दीपक चाहर और राहुल चाहर के बाद ध्रुव तीसरे क्रिकेटर हैं, जिन्हें भारतीय क्रिकेट टीम की तरफ से खेलने का मौका मिला है। अब आगरा के तीन खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य बन चुके हैं। ध्रुव जुरेल में बचपन से ही क्रिकेट के प्रति जुनून था, वह क्रिकेट की बारीकियों से बखूबी वाकिफ हैं। उनकी शानदार प्रतिभा और क्रिकेट खेलने की तकनीक उनके रिकॉर्ड से झलकती है।