आगरालीक्स…आगरा में धूप निकलने से तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचा. मौसम विभाग ने सोमवार को फिर जताए तेज बारिश के आसार
आगरा में उमसभरी गर्मी से हर कोई बेहाल है. दिन में निकल रही धूप के कारण उमस और ज्यादा बढ़ गई है. आगरा में बादलों के छाने का क्रम तो जारी है लेकिन वो बिना बरसात के ही निकल जा रहे हैं. आज शाम को दयालबाग के अमर विहार की तरफ बूंदाबांदी हुई जबकि शीतला माता के मंदिर की ओर सूखा था. मौसम का अजब गजब खेल आगरा में चल रहा है.

धूप खिलने से आगरा के तापमान में बढ़ोतरी हुई है और एक बार फिर से तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आगरा का तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा और ये भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम विभाग के अनुसार आगरा में सोमवार को और फिर बुधवार को तेज बारिश के आसार बन रहे हैं.