आगरालीक्स…आगरा में लगातार चौथे दिन तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब. हीट स्ट्रोक का खतरा. रात का तापमान भी बढ़ने लगा…
आगरा में गर्मी का सितम बरकरार है. गर्मी के कारण लोगों की हालत बेहद खराब है. सुबह से ही सूर्य की तेज किरणें आसमान में आग बरसाना शुरू कर देती हैं. हालत ये है कि सुबह नौ बजे के बाद धूप में एक पल भी ठहरना मुश्किल हो रहा है. आगरा प्रदेश में लगातार सबसे गर्म शहर बना हुआ है. इतनी अधिक गर्मी ने लोगों को चौंकाने का भी काम किया है. उनका कहना है कि मार्च और अप्रैल में जिस हिसाब से इस बार गर्मी पड़ी है वह काफी चौंकाने वाली हैं क्योंकि इससे पहले इतनी अधिक गर्मी इस समय तक नहीं हुआ करती थी.

आगरा में सोमवार को लगातार चौथे दिन तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा. वहीं अब रात का तापमान भी बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और ये भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल आगरा को गर्मी से राहत नहीं मिलने की संभावना है.