आगरालीक्स…आगरा में आज मौसम साफ रहने से तापमान फिर बढ़ा. उमस कर रही बेहाल. आने वाले सप्ताह में बादल छाएंगे लेकिन बारिश की संभावना कम. जानें मौसम का पूर्वानुमान…
आगरा में रविवार को 93 एमएम बारिश हुई लेकिन उमस है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. सोमवार को आसमान साफ रहा. सुबह से ही तेज धूप निकल आई जो कि दोपहर को इतनी अधिक थी कि धूप में एक पल भी ठहरना मुश्किल हो रहा था. इसके कारण तापमान फिर से बढ़ गया है. इधर उमस के कारण लोगों का हाल बेहाल है. दिन में तेज धूप तो शाम होते ही उमसभरी गर्मी लोगों के पसीने निकाल रही है. रात को भी गर्मी का प्रभाव देखा जा रहा है. पंखे और कूलर की हवा भी चिपचिपी सी लग रही है.

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सिसय दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा और ये भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ हे.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में मंगलवार को भी मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा. आने वाले एक सप्ताह में 14 जुलाई को छोड़कर बाकी सभी दिन बादल तो छाएंगे लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है. 14 जुलाई को एक दो स्पैल में बारिश के आसार हैं. मौसम साफ रहने के कारण आगरा का तापमान फिर से बढ़ेगा. दिन का तापमान जहां 40 डिग्री सेल्सियस के करीब तक पहुंच सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.