आगरालीक्स…आगरा मेनोपॉज़ सोसायटी ने जिला कारागार में में महिला बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक. हेल्थ कैम्प
महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान के उद्देश्य से आगरा मेनोपॉज़ सोसायटी द्वारा जिला कारागार, आगरा के सहयोग से महिला बंदियों के लिए महिला स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान से हुआ, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य, रजोनिवृत्ति (मेनोपॉज़), सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर एवं स्तन कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिलाओं में प्रचलित विभिन्न भ्रांतियों एवं मिथकों का वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर निराकरण करते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।जागरूकता सत्र के उपरांत 30 महिला बंदियों की रक्त जाँच की गई, जिसमें सीबीसी (Complete Blood Count) एवं रक्त शर्करा (Blood Sugar) की जाँच शामिल थी। जाँच के आधार पर महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया तथा जिन महिलाओं में आगे जाँच अथवा उपचार की आवश्यकता प्रतीत हुई, उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किए जाने की सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त, महिला बंदियों के उपयोग हेतु आवश्यक दवाइयाँ, पौष्टिक खाद्य सामग्री एवं सेनेटरी पैड जिला कारागार के संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए, ताकि आवश्यकता अनुसार उनका वितरण महिला बंदियों के बीच सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में कुल 70 महिला बंदियों ने उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में सहभागिता की। इस अवसर पर आगरा मेनोपॉज़ सोसायटी की अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह, सचिव डॉ. नीलम सिंह, डॉ. गायत्री गुप्ता, डॉ. आकांक्षा गुप्ता, डॉ. केया, डॉ. आरुषि एवं डॉ. अंकिता सहित पैरामेडिकल स्टाफ एवं स्वयंसेवकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। इस अवसर पर सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि “महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य की आधारशिला जागरूकता, समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उचित परामर्श है। प्रत्येक महिला को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त करने का अधिकार है। समाज के प्रत्येक वर्ग तक निवारक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” आगरा मेनोपॉज़ सोसायटी ने जिला कारागार प्रशासन, जेल अधीक्षक, जेल चिकित्सा अधिकारी एवं समस्त कारागार स्टाफ का कार्यक्रम के सफल आयोजन में मिले सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी महिला स्वास्थ्य, मेनोपॉज़ जागरूकता एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।