आगरालीक्स..यह फैशन का नया दौर है, विंटर सीजन में बढ़ा विंटेज का क्रेज, युवाओं के लिए स्टाइल और कंफर्ट का परफेक्ट कॉम्बिनेशन बनी बंडी जैकेट
कभी बुजुर्गों की शान समझी जाने वाली बंडी जैकेट ने इस साल युवाओं की अलमारी में जगह बना ली है। आगरा के खादी भंडारों में इन दिनों खादी जैकेट, हंटिंग शर्ट, कुर्ते और जींस की मांग तेजी से बढ़ रही है। वहीं सामान्य बाजारों में भी लेटेस्ट स्टाइल के साथ फोर पॉकेट बंडी जैकेट फैशन का नया ट्रेंड बन गई है।
सर्दियों के इस सीजन में युवाओं के बीच मोदी जैकेट तूफान मचा रही है। यह कई तरह के लेटेस्ट स्टाइल और आकर्षक रंगों में बाजार में उपलब्ध है और युवा जमकर इसकी खरीददारी कर रहे हैं। फोर पॉकेट और खादी इस बार का नया स्टाइल है। कपड़ा उद्योग से जुड़े लोगों की मानें तो पहले इसे ही नेहरू जैकेट भी कहा जाता था। अब यह नए स्टाइल में युवाओं के बीच लोकप्रिय है और वे शादी—पार्टी समेत तमाम फंक्शन में इसे पहने नजर आ रहे हैं। कपड़ों का यह स्टाइल उन पुरुषों और महिलाओं के लिए भी पसंदीदा बन गया है जो परंपरा और आधुनिकता का मिश्रण चाहते हैं।
राजा की मंडी बाजार में एक कपड़ा व्यवसायी ने बताया कि इस सर्दियों के सीजन में बंडी जैकेट की जबरदस्त डिमांड है। आफलाइन और आनलाइन दोनों ही मोड में इसकी जमकर खरीददारी की जा रही है और यह 800 से 4000 रूपये तक की कीमत में उपलब्ध है।
युवा इसे कई तरह के कपड़ों के साथ पहन रहे हैं, फॉर्मल ट्राउजर और ड्रेस शूज से लेकर कैज़ुअल जींस और लोफर्स तक इसे आराम से पहना जा सकता है।
इन्हें पारंपरिक कुर्ता-पायजामा या धोती के साथ-साथ आधुनिक शर्ट और ट्राउजर या जींस के साथ भी पहना जा सकता है। ये जैकेट शादी-समारोह जैसे औपचारिक आयोजनों और सामान्य अनौपचारिक गेट-टुगेदर दोनों के लिए उपयुक्त हैं। प्रमुख राजनेताओं द्वारा इन जैकेटों को नियमित रूप से पहनने से इन्हें काफी लोकप्रियता मिली है। ये आरामदायक होने के साथ स्टाइलिश लुक प्रदान करती हैं।
फैशन डिजाइनर और खुदरा विक्रेता इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए विभिन्न रंगों, फ़ैब्रिक (जैसे लिनन, सिल्क, ऊन) और पैटर्न में बंडी पेश कर रहे हैं।