आगरालीक्स…रक्षाबंधन पर घर आई बेटे की लाश. दो दिन से था लापता, परिजनों में मचा कोहराम
आगरा में एक दुखदभरी खबर सामने आई है. दो दिन से लापता युवक का शव कुएं में उतराता हुआ मिला. रक्षाबंधन पर जब बेटे की लाश घर पर आई तो कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये है मामला
घटना आगरा के जगनेर क्षेत्र की है. गांव सरेंधी में रहने वाला युवक टीकम पुत्र ओमीलाल गुरुवार देर रात खाना खाकर घर से निकला था. लेकिन इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा. टीकम के लातपा होने पर परिजनों ने उसे काफी तलाश किया लेकिन कुछ न पता लगने पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस भी युवक की तलाश कर रही थी. शनिवार सुबह गांव से करीब तीन सौ मीटर दूर स्थित पानी पीने वाले कुएं में लोगों ने युवक का शव उतराता हुआ देखा. सूचना पर पुलिस पहुंची तो उसकी शिनाख्त लापता टीकम के रूप में हुई.
परिजनों में मचा कोहराम
इधर टीकम की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों के अनुसार टीकम की छह साल पहले शादी हुई थी और उसके दो बेटे नितिन और सुमित है. थाना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. जांच की जा रही है. तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.