आगरालीक्स…आगरा में दुल्हन फिर भागी. सुहागरात से पहले दूल्हा और ससुरालियों को कमरे में बंद कर लगा दी बाहर से कुंडी. दीवार कूदकर हो गई फरार. आधी रात को पहुंची पुलिस…यहां का है मामला
आगरा में शादी के बाद दुल्हन के भागने का एक और मामला सामने आया है. सुहागरात से पहले दुल्हन अपने दूल्हा और ससुरालियों को कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगाकर भाग गई. दूल्हन के भाग जाने से दूल्हे सहित ससुरालियों को होश उड़े हुए हैं. रात भर उसकी तलाश की, पुलिस को सूचना दी. आधी रात को पुलिस भी पहुंची लेकिन दुल्हन का कुछ सुराग नहीं लगा. बुधवार को इस मामले में थाने में तहरीर दी गई है.
ये है मामला
मामला थाना शाहगंज के रहने वाले एक चांदी कारीगर का है. परिजन चांदी कारीगर के लिए रिश्ता तलाश रहे थे. दो महीने पहले उनके परिचित ताजगंज निवासी एक फैक्ट्री कर्मचारी ने बताया कि वह अपनी साली के लिए लड़का देख रहा है. लड़की गोरखपुर की रहने वाली है. इस पर उसने अपनी साली को चांदी कारीगर के परिजनों को दिखाया तो उन्हें लड़की पसंद आ गई और इस रिश्ते के लिए हामी भर दी.

शादी का खर्चा भी उठाया
दुल्हन के जीजा ने बताया कि लड़की बहुत गरीब परिवार की है. इसलिए शादी का खर्चा वह नहीं उठा सकेगा. लड़के वालों ने दोनों ओर की शादी का खर्चा उठाने की कहा. 25 अप्रैल को बारात गोरखपुर गई और रीति रिवाज से शादी करने के बाद दुल्हन को विदा कराके 26 अप्रैल को सुबह आगरा आ गए. परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को कंगन खुलने की रस्म होनी थी. इसलिए मंगलवार को दुल्हन अपनी सास के कमरे में सो रही थी.
बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे दुल्हन चुपचाप उठी और उसने सास के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी. दुल्हे का कमरा भी बाहर से बंद कर दिया. इसके बाद वह आंगन में रखी साइकिल पर चढ़कर दीवार को फांद कर कूद गई. सास की जब आंख खुली तो उसने दुल्हन को अपने पास नहीं पाया तो सोचा शौचालय गई होगी लेकिन जब पांच से दस मिनट तक वह वापस नहीं आइ्र तो वह कमरे से बाहर निकलने लगी लेकिन बाहर से कुंडी लगी हुई थी. बेटे को आवाज दी तो उसका कमरा भी बाहर से बंद था.
रात को दी पुलिस को सूचना
परिजनों ने आधी रात को ही 112 नंबर पर फोन किया तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. परिजनों ने दुल्हन की तलाश में कोठी मीना बाजार से लेकर बस और रेलवे स्टेशन सभी जगह की खाक छान मारी लेकिन दुल्हन का सुराग नहीं लगा. दूल्हे ने इसकी जानकारी दुल्हन के जीजा को दी तो वो जीजा और परिजन भी गोरखुपर से आ गए. बुधवार को थाना शाहगंज में पहुंचकर पुलिस से दुल्हन को बरामद करने की गुहार लगाई है.
बताया जाता है कि जब दुल्हन आधी रात को घर से बाहर जा रही थी तो कॉलोनी के गेट से बाहर जाते समय वहां तैनात चौकीदार ने उसे शक होने पर रोक लिया. जब उसने गेट खोलने से मना किया तो दुल्हन ने तेज आवाज में चौकीदार को हड़का दिया. दुल्हन की कड़क आवाज सुनकर चौकीदार सकपका गया और वह उसे रोक नहीं पाया और दुल्हन वहां से भाग गई.