आगरालीक्स…शादी में दुल्हन की सहेलियों ने दूल्हे से किया हंसी मजाक. दूल्हे ने भी कह दी ऐसी बात जिसे सुन दुल्हन हो गई नाराज. कहा—जहर खा लूंगी लेकिन इससे शादी नहीं करूंगी…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एक शादी में ऐसा बवाल हुआ कि जिससे दुल्हन नाराज हो गई. नाराज दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया. रातभर पंचायत चलीं लेकिन दुल्हन राजी नहीं हुई जिसके बाद दूल्हा और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौटे.

यहां का है मामला
मामला थाना शिकोहाबाद का है. यहां रहने वाली एक युवती की शादी कस्बे के ही एक युवक के साथ तय हुई थी. तय तारीख पर दूल्हा पक्ष बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा. बारात और दूल्हे का शानदार स्वागत किया गया, जिसके बाद शादी की रस्में शुरू हो गईं. जयमाला की रस्म भी हुई और सभी ने नवयुगल पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया. यहां तक तो सब ठीक रहा लेकिन असली बात बिगड़ी दूल्हा दुल्हन के खाने के दौरान. बताया जाता है कि खाना खाने के दौरान दुल्हन की सहेलियों ने हंसी मजाक में दूल्हे से कुछ कह दिया जिसके बाद दूल्हे ने भी कुछ ऐसा कह दिया जो कि दुल्हन को अचछा नहीं लगा और वो वहां से चली गई.
इसके बाद मामला तनाव वाला हो गया. घर के लोगों को पता चला तो उन्होंने किसी तरह दुल्हन को समझाकर शादी की अन्य रस्में शुरू कीं लेकिन फेरे लेने और कन्यादान के दौरान भी दूल्हे ने ऐसी हरकत कर दी जिससे दुल्हन परेशान हो गई. उसने तुरंत फैसला किया और शादी करने से मना कर दिया. इसके बाद दोनों ओर से हंगामा होने लगा और दोनों पक्षों के लोग जुट गए. लोगों ने दुल्हन को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी. घंटों पंचायत के बाद भी जब दुल्हन राजी नहीं हुई. दुल्हन ने साफ कह दिया कि वह जहर खा लेगी लेकिन इस लड़के से शादी नहीं करेगी. जिसके बाद बात नहीं बनी और दूल्हा पक्ष को बिना दुल्हन के ही वापस जाना पड़ा.