आगरालीक्स…आगरा में आगरा में महाभारत के कृष्ण नितिश भारद्वाज पेश करेंगे ‘चक्रव्यूह’. 5 जनवरी को नाटक के जरिए महाभारत के असाधारण योद्धा अभिमन्यु के जीवन चरित्र को करेंगे पेश
चक्रव्यूह की रचना, महाभारत का वो महान क्षण जब जीतने वाला हारा और हारे की जय जयकार हुयी। महान योद्धा अर्जुन पुत्र अभिमन्यु की वीर गाथा का प्रस्तुतिकरण करते हुए महाभारत के उस महान गाथा का महानाट्य मंचन “चक्रव्यूह” आगरा में पहली बार आयोजित होने जा रहा है। दिव्य प्रेम सेवा मिशन पंजीकृत सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित होने जा रहे महानाट्य चक्रव्यूह का उद्घोषणा समारोह गुरुवार को होटल होली डे इन में हुआ, जिसमें महा नाट्य का कटआउट जारी किया गया। संरक्षक कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और बेबी रानी मौर्य, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, प्रमोद सारस्वत, उमेश गर्ग ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष संजय चतुर्वेदी ने बताया कि पूरे देश में 100 से अधिक बार मंचित हो चुके महानाट्य चक्रव्यूह का मंचन प्रथम बार आगरा की धरती पर 5 जनवरी, दिन रविवार को दोपहर तीन बजे से सूरसदन प्रेक्षागृह में होगा। कुल दो घंटे के महानाट्य में महाभारत धारावाहिक में श्रीकृष्ण की कालजयी भूमिका निभाने वाले अभिनेता नितिश भारद्वाज मुख्य भूमिका में होंगे। उन्होंने बताया कि एतिहासिक महाभारत के असाधारण योद्धा अभिमन्यु के जीवन चरित्र की विशद प्रस्तुति चक्रव्यूह में मंचित की जाएगी। आगरा की जनता उस महान क्षण की साक्षी बनेगी।
स्वागाताध्यक्ष सोम कुमार मित्तल ने कहा कि आध्यात्मिक चेतना जागृति का प्रमुख माध्यम ये महानाट्य बनेगा। चक्रव्यूह नाटक में महाभारत के तेहरवें दिन का प्रसंग सामने लाया गया है। ये नाटक सिर्फ युद्ध कला तक सीमित न होकर एक सम्पूर्ण दर्शन के स्तर तक ले जाता है।