आगरालीक्स…आगरा में गुयाना के राष्ट्रपति ने किया ताजमहल का दीदार. शाहजहां—मुमताज की कब्रों को भी देखा. वीआईपी विजिट से परेशान रहे आम पर्यटक
आगरा में बुधवार को कोआपरेटिव रिपब्लिक आफ गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने ताजमहल का दीदार किया. विश्व की इस खूबसूरत स्मारक को देखने के लिए जब वो यहां पहुंचे तो ताजमहल की सुंदरता को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए. गुयाना के राष्ट्रपति ने यहां डायना बेंच पर फोटो भी खिंचवाई और ताज के अंदर शाहजहां और मुमताज की कब्रों को भी देखा. इस दौरान उन्होंने ताजमहल से संबंधित पूरी जानकारी भी ली.
वीआईपी विजिट के कारण आम पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई पर्यटकों को तो बिना ताज के दीदार के वापस लौटना पड़ा. आज वीआईपी विजिट के कारण दोपहर बाद से ही ताजमहल में आम पर्यटकों की एंट्री बंद कर दी गई और टिकट विंडो भी बंद कर दी. तीन बजे तक ताज के अंदर मौजूद सभी पर्यटकों को बाहर निकाल दिया गया. जिसके बाद सुरक्षा जांच की गई. शाम को गुयाना के राष्ट्रपति ने ताजमहल का दीदार किया. इसके कारण शाम को ताजमहल देखने पहुंचे कई लोग वापस लौट गए.