आगरालीक्स…आगरा के दयालबाग में श्रद्धा, सेवा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया परम गुरु महाराज साहब का पावन भंडारा.
राधास्वामी मत के तृतीय संत सतगुरु परम गुरु महाराज साहब का पावन भंडारा रविवार को दयालबाग में श्रद्धा, सेवा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः आरती से लेकर दूसरी शिफ्ट के पावन भंडारे तक, कृषि सेवा और विभिन्न प्रस्तुतियों में बड़ी संख्या में सतसंगी भाई साहबान, बहनों एवं बच्चों ने सहभागिता की। प्रातःकाल कुआँ नंबर चार स्थित धान नर्सरी के खेतों में धान की कटाई के दौरान आरती का कार्यक्रम संपन्न हुआ। पावन भंडारे के उपलक्ष्य में खेतों में दो विशेष पाठ तथा कल्चरल प्रोग्राम भी हुए। सेवा में जुटे भाई साहबान, बहनों, सुपरह्यूमेन स्कीम के बच्चों तथा उपदेश की हाजिरी वाले सभी लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं, 60 वर्ष से अधिक आयु के भाई साहबान एवं बहनों ने भंडारा ग्राउंड पर धान की झड़ाई की सेवा की।
दूसरी शिफ्ट में भंडारा ग्राउंड पर धान की झड़ाई के साथ प्रीतिभोज का आयोजन हुआ। कल्चरल प्रोग्राम एवं अन्य निर्धारित कार्यक्रमों ने आयोजन को भावपूर्ण बनाया। दयालबाग तथा देश-विदेश के अनुमत क्षेत्रों से आए सतसंगियों की सहभागिता से पूरे आयोजन में श्रद्धा और सामूहिक सेवा का भाव दिखाई दिया। दोनों शिफ्टों में निर्धारित खेतों की ओर पधारते समय परम पूज्य गुरुमहाराज सतसंगी साहब प्रेमनगर स्थित वेंटेज पॉइंट पर विराजमान हुए। वहाँ बड़ी संख्या में उपस्थित संगत ने दर्शन प्राप्त किए। कार्यक्रमों के पश्चात ईवी से अपने निवास की ओर प्रस्थान करते हुए परम पूज्य गुरुमहाराज मार्ग में उपस्थित संगत को अपनी दयामयी दृष्टि से भावविभोर करते चले गए। संपूर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ई-कैस्केड के माध्यम से देश-विदेश की सतसंग ब्रांचेस में किया गया।