आगरालीक्स…आगरा किला में गूंजेगी महाराजा सूरजमल की शौर्य गाथा. अपने शौर्य से लाल किले पर कब्जा किया और ताजमहल को भूसे से भरवाने वाले महाराज की याद में मनेगा विजय दिवस
आगरा के लाल किला में राजा सूरजमल जी के विजय दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उप्र तथा जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आगरा किला में भरतपुर के महाराजा सूरजमल की शौर्य गाथा गूंजेगी। यहां प्रदेश सरकार के निर्देश पर 12 जून को पर्यटन विभाग द्वारा विजय दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से अनुमति मिल गई है।मुगल शासक औरंगजेब ने छत्रपति शिवाजी को लालकिले में कैद किया था, वहीं वीर गोकुला जाट द्वारा इस्लाम धर्म ग्रहण करने से इनकार करने पर औरंगजेब ने उन्हें मृत्युदंड दे दिया था। इन दोनों घटनाओं के बाद भरतपुर रियासत के अजेय महाराजा सूरजमल ने इसी लालकिले के चारों तरफ डेरा डालकर अपने शौर्य एवं पराक्रम से उस समय के मुगल शासक आलम द्वितीय को लड़ाई में परास्त कर 12 जून 1761 को लाल किले पर कब्जा कर लिया था और ताजमहल को अपने घोड़ों का अस्तबल बनाकर भूसा भरवा दिया था। इस प्रकार महाराजा सूरजमल ने शिवाजी महाराज को लालकिले में कैद रखने और गोकुलाजाट के मृत्यु दंड का बदला लिया था।
इसी कारण महाराजा सूरजमल के वंशज इस अवसर पर विजय दिवस कार्यक्रम मनाने जा रहे है। इसको लेकर अखिल भारतीय जाट महासभा लंबे समय से इस दिन को विजय दिवस के रूप में आगरा किले में मनाने की मांग कर रही थी। अब सरकार की सहमति के बाद 12 जून 2025 को जहांगीर महल के मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सायं 07 बजे से रात्रि 09 बजे तक होगा। कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा महराजा सूरजमल के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका और रागिनी प्रस्तुत की जाएगी। बम नृत्य ब्रज का रसिया भी होगा। इसकी प्रस्तुति के लिए कलाकारों के दो दल आएंगे। कार्यक्रम में ब्रह्मपाल नागर, नोएडा- लोक गायन, भारतेन्दु नाट्य अकादमी- नाट्य प्रस्तुति महिपाल, मथुरा, बमरसिया मोहित सिंह बेनीवाल, मथुरा, बमरसिया प्रदीप भदौरया, झांसी- तुरई के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेंगी।