आगरालीक्स…अच्छी खबर, आगरा के एसएन में शुरू हुई बर्न यूनिट. दो मरीज भी हुए भर्ती. 26 बेड का एंटी बैक्टीरियल वार्ड और आईसीयू…सेंट्रलाइज्ड एसी के साथ…जानिए क्या है खास
आगरा के लिए अच्छी खबर है. एसएन मेडिकल कॉलेज में बन रही बर्न यूनिट को शुरू कर दिया गया है. बुधवार को यहां दो मरीजों को भर्ती भी किया गया. हाल ही में प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं शिक्षा पाथ सारथी सेन शर्मा ने एसएन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया था जिसमें उन्होंने बर्न यूनिट शुरू करने और मरीजों की भर्ती करने के आदेश जारी किए थे. बुधवार को एसएन में नवस्थापित बर्न यूनिट की आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने के बाद इसे शुरू कर दिया गया और मरीजों की भर्ती भी शुरू हुई.एसएनएमसी के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि बर्न यूनिट में 26 बेड का एंटी बैक्टीरियल वार्ड और आईसीयू है. सामान्य वार्ड में सेंट्रलाइज्ड एसी लगा हुआ है. बर्न यूनिट में महिला वार्ड 10 बेड का और पुरुष वार्ड 10 बेड का अलग-अलग बनाए गए हैं. बर्न यूनिट का आईसीयू 6 बेड का भी पूरी तरह सेंट्रलाइज्ड एसी है. इसके अलावा बर्न यूनिट में एक माइनर एवं एक मेजर ऑपरेशन थिएटर सेंट्रलाइज्ड एसी) बनाए गए हैं.
प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने बताया कि आज यहाँ दो मरीजों की भर्ती हुई है. इस यूनिट समयानुसार अपग्रेड करते हुए बर्न के मरीजों को और बेहतर सुविधाएं देने के संबंध में सतत प्रयास किया जाएगा. प्लास्टिक सर्जन डॉ प्रणय सिंह चकोटिया, प्लास्टिक सर्जन डॉ पुनीत कुमार भारद्वाज, प्लास्टिक सर्जन एवं बर्न यूनिट की प्रभारी डॉ दीपशिखा की देखरेख में जले हुए मरीजों का इलाज किया जाएगा. प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने कहा कि बर्न यूनिट के शुरू होने से आगरा एवं आसपास के मरीजों को बहुत लाभ होगा.