आगरालीक्स…आगरा के बाजारों का हाल…वीकेंड पर शॉपिंग करने जाएं तो गाड़ियों को कहां पार्क करें. बाजारों में नहीं है कोई पार्किंग सुविधा. सड़क पर खड़ी करें तो चालान कटने का डर. दुकानों के सामने खड़ी करें तो अतिक्रमण और रास्ता जाम..
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के हर जिलों में अवैध पार्किंग और अवैध स्टैंड के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश जिलों के अधिकारियों को दिए हैं. यही नहीं शासन की ओर से ये भी कड़े आदेश दिए गए हैं कि लोगों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन अगर हम बात आगरा की करें तो आपको शहर के लगभग हर बाजारों में बेतरतीब खड़े हुए वाहन आसानी से दिखाई दे जाएंगे. लोग खरीददारी करने जाते हैं तो सड़क पर ही अपनी गाड़ियों को खड़ा कर देते हैं और सामान खरीदने लग जाते हैं. नतीजा ये होता है कि बाजारों में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है. यहां से गुजरने वाले वाहनों के लिए रास्ता काफी कम हो जाता है. बाजारों में जब लोग वीकेंड पर कपड़ों या जूतों या अन्य सामानों की खरीददारी करने के लिए जाते हैं तो अपना वाहन तो साथ ले जाते हैं लेकिन बाजार में जाते ही उनके सामने सबसे पहली समस्या यही होती है कि वह अपनी गाड़ी को कहां खड़ी करें. मजबूरन व्यक्ति उसी दुकान के सामने अपनी गाड़ी को खड़ा करता है जिस दुकान से उसे खरीदारी करनी होती है. ऐसे में वाहन दुकानों के बाहर सड़क पर खड़े हो जाते हैं जिससे बाजारों में जाम हो जाता है और अतिक्रमण भी बन जाता है. लोग अगर अपने वाहन को कहीं और खड़ा करते हैं तो उन्हें चालान कटने का डर रहता है, कि कहीं कोई ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी न आ जाए. इसकी सबसे बड़ी वजह है कि शहर के कई बाजारों में पार्किंग की सुविधा नहीं है. हजारों लोग वीकेंड पर शॉपिंग करने के लिए बाजार जाते हैं और वह सड़कों पर अपनी गाड़ियां खड़ा करते हैं और इससे जाम लग जाता है.
शहर के इन बाजारों में नहीं है पार्किंग सुविधा
न्यू आगरा
कमला नगर
सिंधी बाजार
राजा की मंडी
शाहगंज
बिजलीघर
किनारी बाजार
सिकंदरा
बोदला
टेढ़ी बगिया
रावतपाड़ा
दरेसी
जहां पार्किंग की सुविधा वहां भी सड़क पर वाहन
ऐसा नहीं है कि शहर के सभी बाजारों में पार्किंग की सुविधा न हो, कई बाजार ऐसे हैं जहां पार्किंग की सुविधा तो है लेकिन यहां भी आपको हजारों वाहन सड़क पर खड़े हुए दिखाई दे सकते हैं. इनमें सबसे बड़ा बाजार है संजय प्लेस. संजय प्लेस में कई जगह पार्किंग की सुविधा है लेकिन इसके बावजूद पार्किंग के बाहर ही गाड़ियां खड़ी करके लोग चले जो हैं. आगरा का एक और मार्केट है शाह मार्केट. यहां सड़कों पर ही गाड़ी खड़ी करने के चार्ज वसूले जाते हैं. शाह मार्केट में खरीददारी करने के लिए कोई व्यक्ति जाता है तो उससे सड़क पर ही गाड़ी खरीदने के लिए पार्किंग फीस ली जाती है. यहां हर दिन बाजार में सैकड़ों वाहन सड़क पर पार्क होते हैं. इसी के कारण यहां सबसे अधिक जाम लगता है.