आगरालीक्स…आगरा मेट्रो के ताजमहल स्टेशन परिसर में आ रहे पेड़ों का किया जा रहा ट्रांसप्लांट. 28 पेड़ों को किया जा रहा इधर से उधर….जानिए कैसे किया जाता है पेड़ों का ट्रांसप्लांट
शाहजहां गार्डन में ही पुन: रोपित किए गए पेड़
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा ताजमहल मेट्रो स्टेशन परिसर में आ रहे पेड़ों को ट्रांसप्लांट करना शुरू कर दिया है। विभिन्न चरणों में पूरी होने वाली ट्रांसप्लांटेशन की प्रक्रिया के अंतिम चरण में उन्हें शाहजहां गार्डन में दूसरी जगह पुन: रोपित किया जा रहा है। यूपी मेट्रो के एमडी कुमार केशव ने बताया कि विशेषज्ञों की देखरेख में पेड़ ट्रांसप्लांटेशन करने की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने बताया कि ताजमहल मेट्रो स्टेशन परिसर में कुल 28 पेड़ों को ट्रांसप्लांट किया जा रहा है। श्री कुमार केशव ने कहा कि अधिक से अधिक पेड़ों को बचाना एवं उनकों संरक्षित करना हमेशा ही यूपी मेट्रो का लक्ष्य रहा है। उन्होंने बताया कि आगरा मेट्रो डिपो परिसर में भी पेड़ ट्रांसप्लांट किए गए हैं। इसके साथ ही लखनऊ एवं कानपुर में पेड़ों को ट्रांसप्लांट किया गया है।
ऐसे किया जाता है वृक्ष प्रत्यारोपण
पेड़ों को ट्रांसप्लांट (शिफ्ट) करने की प्रक्रिया कई चरण में पूरी होती है।
- इस प्रक्रिया में सबसे पहले खुदाई करके पेड़ की जड़ों को मिट्टी सहित गोल आकार में अलग किया जाता है।
- इसके बाद पेड़ की जड़ों की बढ़वार के लिए उसपर दवा का छिड़काव किया जाता है।
- जड़ों को कवर करके कुछ दिन के लिए छोड़ दिया जाता है।
- इसके बाद जब जड़ें पुन: बढ़ने लगी हैं तो उन्हें क्रेन की मदद से दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया जाता है।
बता दें कि यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्री कुमार केशव पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद सजग हैं। इसी का परिणाम है कि लखनऊ, कानपुर एवं आगरा मेट्रो परियोजनाओं में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है। गौरतलब है कि इसी वर्ष राजभवन में आयोजित प्रादेशिक फल, पुष्प एंव शाक भाजी प्रदर्शनी में माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल द्वारा यूपी मेट्रो के एमडी कुमार केशव को ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने के लिए सम्मानित किया गया था।
