आगरालीक्स….ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी. पूरे स्मारक को सुरक्षाकर्मियों ने घेरा. जांच जारी. एक चौंकाने वाली बात
आगरा के ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इससे सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मियों में हड़कंप मच गया है. यह धमकी मेल के जरिए दी गई है. मेल टूरिज्म विभाग के पास भेजा गया है. आनन—फानन में सुरक्षाकर्मियों ने ताजमहल के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी है. पूरे स्मारकर को भी सुरक्षाकर्मियों ने घेर लिया है और जांच जारी है. इधर मेल करने वाले की जांच पड़ताल भी की जा रही है.
इस संबंध में एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि पर्यटन विभाग को धमकी भरा ईमेल मिला है. इसके आधार पर ताजगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आगे की जांच जारी है. इधर डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि पर्यटन विभाग को ईमेल के जरिए ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. धमकी भरा मेल आज सुबह करीब 7 बजकर 53 मिनट पर आया. इस मेल में लिखा है कि ताजमहल में बम लगा हुआ है जो सुबह 9 बजे फट जाएगा, हालांकि पर्यटन विभाग को इसकी जानकारी सुबह 11 बजे मिली, जब कार्यालय खुला. सूरज राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. ईमेल किसने और कहां से भेजा यह पता कराया जा रहा है. ताजमहल की सुरक्षा और पुख्ता की गई है.