आगरालीक्स…आगरा सहित प्रदेश में पिटबुल, रॉटविलर और मास्टिफ नस्ल के कुत्ते जब्त किए जा सकते हैं, पालने पर लगेगी रोक। प्रदेश का नगर विकास विभाग करेगा कार्रवाई
विशेष सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में सहमति
विशेष सचिव की अध्यक्षता में दो दौर की बैठक लखनऊ में हुई, जिसमें प्रदेश में पिटबुल, रॉटविलर और मास्टिफ नस्ल के कुत्ते पालने पर रोक लगाई जाए। बैठक में इस पर सहमति बन गई है। अब प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव नगर विकास मंत्री को भेजा जाएगा।
आगरा, लखनऊ, मेरठ में कुत्तों के काटने से हुए थे हादसे
प्रदेश में अभी हाल ही में आगरा, लखनऊ, मेरठ में कुत्तों के काटने से हुई दर्दनाक घटनाओं के बाद इन नस्ल के कुत्तों पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठी थी।

लाइसेंस होंगे निरस्त और कुत्ते होंगे जब्त
कुत्तों की इन तीन प्रजातियों के लिए ही नगर निगम लाइसेंस जारी करता है लेकिन प्रतिबंध लगने के बाद उनके लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे। जिन लोगों के पास इन प्रजाति के कुत्ते हैं तो वह जब्त कर लिए जाएंगे।
आगरा में भी पिटबुल प्रजाति के करीब 500 से ज्यादा डॉग्स हैं, लेकिन लखनऊ हादसे के बाद से पिटबुल मालिकों में इनको लेकर खौफ देखा जा रहा है. पशु चिकित्सकों के पास हर रोज लोग पिटबुल को कहीं और दिलवाने या उसे ट्रेनिंग दिलाने की मांग के लिए यहां पहुंच रहे हैं. आगरा के पशु चिकित्सकों का कहना है कि पिटबुल और रॉटवीलर की तरह हर बड़ी प्रजाति के कुत्ते से लोग डर रहे हैं. छोटी ब्रीडों की तरफ इनका रूझान बढ़ गया है.
जानें पिटबुल के बारे में
पिटबुल एक क्रॉस ब्रीड है यह गार्ड डॉग के रूप में जाना जाता है.
यह एक गुस्सैल और आक्रामक ब्रीड मानी जाती है, इसे शिकारी कुत्ता भी कहा जाता है.
पिटबुल को लगभग 24 देशों में प्रतिबंधित किया हुआ है.
जब यह किसी पर हमला करता है तो इसे रोकना या भगाना काफी मुश्किल हो जाता है
भारत में यह आसानी से मिल जाता है
प्रथम विश्व युद्ध में अमेरिका सेना ने पिटबुल को शामिल किया था और बाद में इसे मेडल भी मिला था.