आगरालीक्स…आगरा रीजन में बिना लाइसेंस के चल रहे तीन मेडिकल स्टोर्स सील. छापे के बाद हड़कंप. दवाओं के सैंपल लिए, जांच को भेजे. लाखों की दवाएं भी सील
आगरा रीजन के फिरोजाबाद जिले में बुधवार को बिना लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ औषधि विभाग की तरफ से अभियान चलाया गया. आगरा और फिरोजाबाद की संयुक्त टीम ने छापा मारकर शिकोहाबाद में तीन मेडिकल स्टोर को अवैध रूप से संचालित पाया जिसके बाद तीनों को सील कर दिया गया. यहां से दवाओं के सैंपल भी लिए गए हैं जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है. दो लाख से अधिक दवाएं भी सील की गई हैं.

बुधवार को आगरा के औषधि निरीक्षक नवीन कुमार, औषधि निरीक्षक फिरोजाबाद देशबंधु विमल, कपिल शर्मा ने पुलिस फोर्स के साथ बुधवार को जांच अभियान चलाया. इस मौके पर शिकोहाबाद की कूट वाली गली एटा रोड में सोनी मेडिकल स्टोर पर छापा मारा. यह मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के संचालित मिला और इसे रवींद्र कुमार चला रहा था. टीम ने यहां से 70 हजार रुपये की दवाएं सील कर दीं और दवाओं के चार सैंपल भी लिए जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है.
इसके अलावा तहसील जसराना के टीकामई गांव में तनु मेडिकल स्टोर भी बिना लाइसेंस के चलता मिला. इसके स्वामी अनिल कुमार भी लाइसेंस नहीं दिखा सके. टीम ने तीन दवाओं के सैंपल लेकर 70 हजार रुपये की दवाएं सील कर दीं. इसके अलावा जसराना के टीकामई में भी न्यू कांत शिवा मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के चलता हुआ मिला. यहां से टीम ने तीन सैंपल लिए और मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है. तीनों दुकानों से 10 सैंपल लिए गए हैं जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है और करीब 2.10 लाख रुपये की दवाओं को भी सील यिका गया है.