आगरालीक्स…चित्रकूट धाम परिवार की खुशियां दोगुनी हैं, टीलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण दीपों से जगमगा दिया, अद्भुत आतिशबाजी की, श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर भावुक हुए राम भक्त
आयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही आगरा के चित्रकूट धाम परिवार में भी खुशियों की लहर दौड़ गई। यमुना किनारे स्थित टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर दीपों से जगमगा उठा। चित्रकूट धाम परिवार की ओर से बल्केश्वर में टीलेश्वर महादेव मंदिर पर रामोत्सव धूमधाम से मनाया गया। 3100 दीपों की माला बनाने के साथ ही अद्भुत आतिशबाजी की गई। इस दौरान समूचा मंदिर प्रांगण जय श्रीराम, सीताराम, हर-हर महादेव और श्री रामलला के जयकारों से गूंजता रहा। परिवार के प्रमुख पवन अग्रवाल और मनीष शर्मा ने बताया कि सदियों की प्रतीक्षा के बाद वह दिन आया है जब हमारे अराध्य प्रभु श्रीराम आयोध्या में नए भव्य मंदिर में विराजगान हो गए हैं।
इस शुभ अवसर पर चित्रकूट धाम परिवार की खुशियां इसलिए भी दोगुनी हैं क्योंकि इस परिवार में सभी माता सीता और प्रभु श्रीराम के परम भक्त हैं। परिवार के ही अन्य सदस्यों में मनीष भारद्वाज, शिवेन, विपिन मोदी, गौरव शर्मा, प्रवेश दीक्षित, शैलेष गुप्ता, विनय वाल्मीकि आदि ने बताया कि चित्रकूट धाम परिवार विशेष अवसरों पर चित्रकूट धाम की यात्रा करता है। वहां के देवालयों में भी इसी तरह परिक्रमा की जाती है। सभी सदस्य भक्तिभाव के साथ सेवा कार्य करते हैं।