आगरालीक्स…आगरा में आज का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब. रात को भी गर्मी बढ़ी. कल से दो दिन बादल छाने और बारिश के हैं आसार…
आगरा के लोग इस समय भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. दिन में आसमान से अंगारे से बरस रहे हैं. ऐसे में लोग दिन के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं. मजबूरी में ही लोग धूप में बाहर निकल रहे हैं. सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकलना शुरू हो जाती है. हाल ये हो जाता है कि दस बजे के बाद तो धूप में एक पल भी खड़ा होना मुश्किल हो जाता है. दिन के समय तो सड़कें सूनसान हो रही हैं. मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही हाल रहा. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा और ये भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.

आंधी और बारिश की संभावना
हालांकि आगरावासियों के लिए अच्छी खबर ये है कि भीषण गर्मी से कल से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 20 और 21 अप्रैल को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बारिश या गरज के साथ बौछारें या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. इसके कारण तापमान में गिरावट भी आएगी.