आगरालीक्स…. आगरा में हॉगकॉग की कंपनी को इलेक्ट्रिक कार बनाने की फैक्ट्री लगाने के लिए 500 एकड़ जमीन चाहिए। रिलायंस ग्रुप 35 एकड़ जमीन, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आगरा में निवेश के लिए 280 अनुबंध किए गए, निवेशकों को 2.19 लाख करोड़ रुपये से आगरा में निर्माण ईकाई खोलनी है, इसके लिए जमीन चाहिए। मगर, जमीन नहीं मिल पा रही है इसके चलते अनुबंध होने के बाद भी आगे काम नहीं बढ़ा है।
हॉगकांग के टाउशन ग्रुप को चाहिए 500 एकड़ जमीन
हॉगकांग के टाउशन ग्रुप आगरा में इलेक्ट्रिक कार, तीन पहिया और दो पहिया वाहनों का निर्माण करेगा, इसके लिए फैक्ट्री खोली जानी है। ग्रुप को 500 एकड़ जमीन चाहिए। मगर, जमीन नहीं मिल रही है।
रिलायंस को चाहिए 35 एकड़ जमीन
इसी तरह से रिलायंस ग्रुप को निवेश करने के लिए 35 एकड़ जमीन चाहिए, इसी तरह से अन्य प्रोजेक्ट के लिए भी जमीन चाहिए। मगर, आगरा में इंडस्ट्री के लिए जमीन उपलब्ध नहीं है। संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार का मीडिया से कहना है कि नए उद्योगों के लिए ग्राम सभा की जमीन का ब्योरा जुटाया जा रहा है, जिससे ग्राम सभा की जमीन पर नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा सकें।
आगरा में छह औद्योगिक क्षेत्र
आगरा में छह औद्योगिक क्षेत्र हैं। इसमें से सबसे ज्यादा जमीन 182 एकड़ सिकंदरा इंडस्ट्रियल एरिया साइड सी में है। सिकंदरा साइड ए और बी में 66 एकड़ जमीन है। ईपीआईपी में 101 एकड़ जमीन है तो फाउंड्री नगर में 180 एकड़ जमीन है, जबकि नुनिहाई में 71 एकड़ जमीन है। अछनेरा में दो एकड़ जमीन है।