आगरालीक्स…आगरा के लिए इस साल की सबसे बड़ी राहत. हाइवे पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद. सिकंदरा से रामबाग तक जाम से मिली मुक्ति
आगरा में सिकंदरा से रामबाग तक जबर्दस्त जाम लगता है. वाहन घंटों फंसे रहते हैं. इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने बड़ा निर्णय लिया है. दिल्ली की तरफ से आगरा होकर फिरोजाबाद और अलीगढ़ की तरफ जाने वाले भारी वाहन अब शहर के अंदर नहीं आएंगे. ये वाहन अब आगरा मथुरा हाइवे पर रैपुरा जाट से शुरू हो रहे उत्तरी बाईपास से यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए खंदौली और कानपुर की तरफ जाएंगे. आगरा की यातायात पुलिस ने शुक्रवार को यातायात एडवाइजरी जारी की है. इसके अनुसार भारी वाहन उत्तरी बाईपास से ही आएंगे और जाएंगे. शहर में उनका प्रवेश नहीं होगा.
भारी वाहन शहर के बाहर होकर निकलेंगे
आगरा मथुरा हाइवे पर रैपुरा जाट से यमुना एक्सप्रेस वे को जोड़ने के लिए बना उत्तरी बाईपास दिसंबर में शुरू हो चुका है. इस उत्तरी बाईपास से वाहन अलीगढ़ और फिरोबाजाद की तरफ जा सकेंगे. इससे अभी तक ट्रक सहित भारी वाहन रुनकता, सिकंदरा, भगवान टाकीज, रामबाग होते हुए अलीगढ़ और फिरोजाबाद की तरफ जाते थे वे अब उत्तरी बाईपास से होते हुए जाएंगे. इससे शहर में सिकंदरा से लेकर रामबाग और खंदौली से लेकर टेढ़ी बगिया होकर रामबाग से लेकर शाहदरा तक वाहनों का दबाव कम होगा. इससे शहर के अंदर जाम नहीं लगेगा.
5 जनवरी तक टूरिस्ट वाहनों का भी शहर में प्रवेश नहीं
पर्यटन सीजन और नववर्ष को देखते हुए यातायात पुलिस ने 5 जनवरी तक पर्यटक वाहनों का शहर के अंदर प्रवेश बंद कर दिया है. इसके तहत दिल्ली नोएडा से आने वाले पर्यटकों के वाहन रिंग रोड होते हुए फतेहाबाद रोड पर आएंगे और यहां से ताजमहल और आगरा किला के लिए जा सकेंगे.
ये है यातायात एडवाइजरी
- मथुरा, दिल्ली से कानपुर / फिरोजाबाद की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन रैपुरा जाट कट से उत्तरी बाईपास से होकर कुबेरपुर कट से अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- कानपुर, फिरोजाबाद से मथुरा / दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेस-वे से उत्तरी बाईपास से होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- अलीगढ़, हाथरस से मथुरा । दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन खंदौली कट से यमुना एक्सप्रेस-वे से उत्तरी बाईपास से होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
ट्रैफिक कंट्रोल रूम एंव ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर:- 9454457886