आगरालीक्स…आगरा की जेल में फिल्माई गई ‘दसवीं’ फिल्म का ट्रेलर आउट. अभिषेक बच्चन और यामी गौतम के सेंट्रल जेल में हुए हैं कई सीन. ट्रेलर आते ही हुआ हिट…
आगरा की सेंट्रल जेल में फिल्माई गई अभिषेक बच्चन, यामी गौतम और निमरत कौर द्वारा अभिनीत फिल्म ‘दसवीं’ का ट्रेलर आउट हो गया है. खास बात ये है कि ट्रेलर जारी होते ही ये सोशल मीडिया सहित सभी चैनलों पर सुपरहिट हो गया है. फिल्म में अभिषेक बच्चन एक जाट नेता के रोल में काफी जमे हैं तो वहीं यामी गौतम जेल अधिकारी के रूप में हैं. इनके डायलोग सोशल मीडिया पर अभी से वायरल हो रहे हैं. फिल्म् सात अप्रैल को ओटीटी पर रिलीज हो रही है.
अभिषेक बच्चन और यामी गौतम अभिनीत फिल्म् दसवीं की शूटिंग आगरा के सेंट्रल जेल में हुई है. फिल्म का काफी हिस्सा सेंट्रल जेल में शूट किया गया है. इसके अलावा बेलनगंज में भी खुली जीप में अभिषेक बच्चन फिल्म में वोट मांगते हुए सीन शूट कर चुके हैं. अभिषेक बच्चन ने शूटिंग के बाद अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में आगरा में फिल्म् की शूटिंग का जिक्र अपने ही अंदाज में किया था. उन्होंने आगरा के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इस बार बंटी ने ताजमहल बेचने की कोशिश नहीं की है.
ये है कहानी
फिल्म् में अभिषेक बच्चन मुख्यमंत्री गंगाराम चौधरी के रोल में है जो कि शिक्षक भर्ती घोटाले में एसआईटी की जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिए जाते हैं. अपनी सीएम की कुर्सी का जिम्मा वह अपनी पत्नी बनी निमरत कौर को दे जाते हैं. वह जेल में भी अपने इसी रुतबे के साथ रहने का प्रयास करते हैं. यहां उनका सामना जेल अधिकारी बनी ज्योति यानी यामी गौतम से होती है जो कि उन्हें अनपढ़ व गंवार कह देती है. इसके बाद गंगाराम चौधरी अपने आत्मसम्मान के लिए दसवीं पास करने की ठान लेते हैं. यही फिल्म की कहानी है.