आगरालीक्स …Agra News: जम्मू में रिकॉर्ड बारिश के बाद यूपी से जाने वाली 58 ट्रेनें रद कर दी हैं, आगरा और आस पास के श्रद्धालु जम्मू में फंसे हुए हैं। फ्लाइट की टिकट 5 गुणा तक बढ़ी। ( Agra News: Train to Jammu Cancel, Help desk#Agra)
जम्मू में भारी बारिश और वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन के बाद जम्मू के लिए जाने वाली ट्रेनों को रद कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश से जम्मू के लिए जाने वाली ट्रेनें रद कर दी गई हैं। लखनऊ से जम्मू के लिए कई ट्रेनें चलती हैं ये ट्रेनें भी रद हैं और जम्मू से भी ट्रेनें नहीं आ रही हैं। ऐसे में जम्मू में फंसे श्रद्धालुओं को वापस भेजने के लिए जम्मू से दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी चल रही है।
हवाई किराया पांच गुणा तक बढ़ा
ट्रेनें रद होने के बाद फ्लाइट की टिकट के रेट लगातार बढ़ने लगे हैं। लखनऊ से जम्मू की फ्लाइट की टिकट पांच हजार रुपये थी यह बढ़ाकर 24 हजार रुपये तक हो गई है। जिन लोगों के परिजन जम्मू में फंसे हुए हैं वे भी परेशान हैं।
रेलवे ने बनाई हेल्प डेस्क
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाई है। जम्मू स्टेशन के हेल्प डेस्क का नंबर 788883911, दिल्ली स्टेशन के हेल्प डेस्क का नंबर 9717638775 है।