आगरालीक्स…आगरा में हाइवे पर दर्दनाक हादसा. सड़क पर खड़े दो भाइयों को ट्रैक्टर ट्रॉली ने लिया चपेट में. एक की मौके पर ही मौत…
आगरा में हाइवे पर दोपहर को दर्दनाक हादसा हो गया. थाना एत्माद्दौला अंतर्गत नवीन गल्ला मंडी के पास हाइवे किनारे खड़े दो भाइयों को एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने चपेट में ले लिया. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा बुरी तरह से घायल है. दोनो फतेहपुर सीकरी के रहने वाले हैं और वे आगरा में शादी के लिए लड़की देखने आए थे. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया.

दोपहर करीब 12 बजे की घटना
हादसा दोपहर करीब 12 बजे के आसपास का है. फतेहपुर सीकरी के रहने वाले 25 वर्षीय रवि पुत्र मुन्नालाल अपने भाई मुकेश के साथ लड़की देखने के लिए आगरा आया था. दोपहर करीब 12 बजे दोनों भाई बाइक लेकर नवीन गल्ला मंडी के गेट के पास खड़े थे कि उसी समय सीमेंट की बोरियों से लदी एक ट्रैक्टर ट्रॉली सर्विस रोड से हाइवे पर चढ़ रही थी लेकिन वजन अधिक होने से वह पीछे आ गई और ट्रॉली की चपेट में दोनों भाई आ गए. हादसे में रवि की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मुकेश घायल हो गया. घटना से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश फैल गया. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. हादसे की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया.