आगरालीक्स…आगरा में बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर. 11 महीने की बच्ची सहित कई लोग घायल.
आगरा के थाना शमसाबाद क्षेत्र में आज एक बड़ा हादसा घटित हो गया. धिमिश्री में आज शाम करीब चार बजे एक बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी. ट्रक की चपेट में आने से 11 महीने की बच्ची सहित छह लोग घायल होने की सूचना है. बच्ची की हालत गंभीर बताइ्र जा रही है. आरोपी ट्रक चालक को लोगों ने पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. घायलों का इलाज चल रहा है.
फतेहाबाद की तरफ से एक ट्रक शमसाबाद के धिमिश्री की तरफ आ रहा था. बाजार में पहुंचने पर ट्रक असंतुलित हो गया और उसने कई वाहनों को टक्कर मार दी. ट्रक की चपेट में दिल्ली निवासी एक परिवार आ गया. दिल्ली के रहने वाले अशोक अपनी पत्नी पूजा और 11महीने की बेटी धानवी के साथ बाइक से हरदासीपुरा निबोहरा जा रहे थे. हादसे के बाद बच्ची गोद से छिटककर गिर गई और जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे में अशोक, पत्नी पूजा, राजवती पत्नी भीकम सिंह, पप्पू और गीता देवी भी घायल हुए हैं.
लोगों ने आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया और सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस के अनुसार ट्रक को थाना डौकी के नगला टांक निवासी मनोज चला रहा था जो कि पेंट कलर भरकर पलवल से बंगलुरु जा रहा था. घायल अशोक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.