आगरालीक्स…आगरा में यूनिवर्सिटी ने बिना मान्यता 90 स्टूडेंट्स को करा दिया पीजी डिप्लोमा. आरटीआई में हुआ चौंकाने वाला खुलासा. कुलसचिव सहित तीन पर मुकदमा
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय जो कि पहले आगरा विश्वविद्यालय के नाम से जाता था में 31 वर्ष पहले 90 छात्रों को बिना मान्यता के ही पीजी डिप्लोमा करा दिया गया. 31 वर्ष बाद अब इस मामले का खुलासा हुआ है सूचना का अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी से. इस मामले में विवि के तत्कालीन कुलसचिव सहित तीन के खिलाफ थाना हरीपर्वत में न्यायिक आदेश के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है.

ये है पूरा मामला
आगरा विश्वविद्यालय के इस अजब—गजब मामले का खुलासा सूचना का अधिकार के तहत हुआ है. वर्ष 1989—91 तक विवि की ओर से पीजी डिप्लोमा इन क्लीनिकल केमेस्ट्री का पाठ्यक्रम चलाया गया था. इस डिप्लोमा को करने के लिए 90 छात्रों ने प्रवेश दिया. कोर्स पूरा होने के बाद उन्हें डिग्रीे और अंकतालिका भी प्रदान की गई. इन 90 छात्रों में से पीजी डिप्लोमा करने वाले नीलम कुमार ने सूचना के अधिकार के तहत पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी मांगी. उन्हें 30 वर्ष बाद पता चला कि विवि द्वारा जो पाठ्यक्रम चलाया गया था वह बिना मान्यता के ही कराया गया था. ऐसे में छात्र ने विवि अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया.
अब न्यायिक आदेश के बाद थाना हरीपर्वत थाने में तत्कालीन कुलपति, विभागाध्यक्ष रसायन खंदारी कैंपस, वित्त अधिकारी और विवि के डिग्री एवं अंकतालिका संबंधित विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.