आगरालीक्स…आगरा के न्यू आगरा कंपोजिट स्कूट में बच्चों को दी आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद और मंच पर अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करने की जानकारी. पब्लिक स्पीकिंग एंड लीडरशिप कोच अबिनय विज ने कहा—हर बच्चे के भीतर है अपनी बात दुनिया के सामने रखने की क्षमता
न्यू आगरा कंपोजिट स्कूल में पब्लिक स्पीकिंग एवं लीडरशिप कोच अबिनय विज के नेतृत्व में आगरा ताज राउंड टेबल 329 के सहयोग से “Unlock Your Public Speaking Superpowers” नामक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में 10 से 14 वर्ष की आयु के 34 वंचित बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम बच्चों के बीच आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद और मंच पर अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करने की दिशा में अपने तरह का पहला और अनूठा प्रयास रहा। कार्यशाला के दौरान बच्चों को सार्वजनिक रूप से बोलने, अपने विचारों को स्पष्ट एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा मंच के भय को दूर करने के विभिन्न व्यावहारिक तरीकों से परिचित कराया गया।
इस अवसर पर अबिनय विज, पब्लिक स्पीकिंग एवं लीडरशिप कोच, ने कहा कि “हर बच्चे के भीतर अपनी बात दुनिया के सामने रखने की क्षमता होती है। जरूरत सिर्फ उसे सही मंच, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास देने की है। आज जो बच्चे मंच पर बोलना सीखेंगे, वे भविष्य में अपने विचारों को बेहतर तरीके से व्यक्त कर सकेंगे और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ पाएंगे।” कार्यक्रम में आगरा ताज राउंड टेबल 329 की ओर से कन्हैया गोयल एवं अनंत सेठ ने भी सहभागिता की। दोनों टैबलर्स ने सभी बच्चों को गुडी बैग, मिठाई एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में न्यू आगरा कंपोजिट स्कूल के मोहम्मद रेहान एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ पूरे कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार की पहल बच्चों को केवल बेहतर वक्ता ही नहीं बनाएगी, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, बेहतर संचार कौशल और अपने विचारों को दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से रखने का साहस भी विकसित करेगी।