यूपीलीक्स…मुख्यमंत्री योगी का बड़ा ऐलान. आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 12 हजार और सहायिकाओं को छह हजार मिलेगा मानदेय. कैशलेस इलाज, स्मार्ट फोन और साड़ी भी दी जाएगी…अलग से आंगनबाड़ी भवन बनाने का भी प्रस्ताव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताटों और सहायिकाओं के सम्मान समारोह में बड़ी सौगात देने का ऐलान किया है. उनहोंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार व सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर छह हजार करने का ऐलान किया है. सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए चार प्रमुख योजनाओं के साथ काम कर रही हैं. इनमें मानदेय में वृद्धि, पांच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा, साड़ी की संख्या बढ़ाना और स्मार्टफोन उपलब्ध कराना शामिल है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों को भी व्यवस्थित और स्मार्ट बनाने का काम किया है. उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अब तक 1.28 लाख स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा चुके हैं. पहले दो साड़ियां मिलती थीं, अब एक और साड़ी दी जाएगी. इसके लिए 500 रुपये की राशि भी जोड़ी गई है.
अपना भवन होगा
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का अपना भवन होना सुनिश्चित किया जाएगा. इसके लिए राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल किया जाएगा या अलग से बजट की व्यवस्था कर भवनों का निर्माण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि बच्चों का बचपन व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा.