आगरालीक्स….. आगरा में वैलेंटाइन डे पार्क में बैठे युवक युवती से अभद्रता, युवती की तलाशी लेने और युवक को पीटने पर राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष सहित दो को भेजा जेल।

राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष अवतार गिल, सुनील सहित अन्य ने 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाने पर युवक युवतियों की शादी कराने का ऐलान किया था। इसके लिए राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता 14 फरवरी को पार्कों में गए, पार्क में युवक युवतियों के मिलने पर उनके साथ अभद्रता की, इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था।
युवक की पिटाई, युवती की ली तलाशी
राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का पालीवाल पार्क स्थित बाल विहार का एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो पर कार्यकर्ता युवक युवती से हद दर्जे की अभद्रता करते नजर आए। युवक को पीटा तक, युवती की महिला कार्यकर्ताओं ने तलाशी ली। इस मामले में थाना हरीपर्वत में राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष अवतार गिल, उनके सहयोगी सुनील को नामजद करते हुए अज्ञातों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, मेहताब बाग और शाहजहां गार्डन में भी युवक युवतियों से अभद्रता की गई। इस मामले में भी संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दो को भेजा गया जेल
पुलिस ने राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष अवतार गिल और सुनील को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने बुधवार को दोनों को जेल भेज दिया। इस मामले में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का मीडिया से कहना है कि मुकदमे में अज्ञात आरोपी भी हैं, वीडियो से इनकी पहचान की जा रही है। इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।