आगरालीक्स…आगरा में 50 से अधिक लंबित चालान वाले वाहन होंगे ब्लैक लिस्टेड. डीएम के सख्त तेवर. कहा—पेट्रोल पंप पर फिर से लागू हो नो हेलमेट, नो फ्यूल नीति. 5 खराब सड़कों के लिए भी दिए ये निर्देश
जिलाधिकारी ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की. इसमें डीएम ने लंबित वाहन चालान की जानकारी ली. डीएम ने सख्त तेवर दिखाते हुए निर्देश दिए कि जिन वाहनों पर 50 से अधिक चालान लंबित हैं, उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऐसे वाहनों को ब्लैक लिस्ट किया जाए और नोटिस संबंधित स्वामियों को भेजा जाए. आवश्यकता नुसार कानून कार्रवाई भी सुनिश्चित करें.लागू हो नो-हेलमेट, नो-फ्यूल नीति
डीएम ने निर्देश दिए कि जनपद में "नो-हेलमेट, नो-फ्यूल" नीति को प्रभावी एवं कड़ाई से लागू किए जाने के निर्देश दिए गए. जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के समन्वय से उक्त व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू कराना सुनिश्चित करें. पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि आईटीएमएस एवं भौतिक रूप से किए गए चालानों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करें.
आईटीएमएस कैमरों की फोटो उपलब्ध कराना
आईटीएमएस के संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि परिवहन विभाग को सभी प्रवर्तन योग्य मामलों में आवश्यक फोटो/इमेज उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रभावी चालान कार्रवाई की जा सके.
सड़कों की खराब स्थिति
PWD, NHAI एवं नगर निगम द्वारा सड़कों के रख-रखाव की समीक्षा की गई. जिलाधिकारी द्वारा स्वयं निरीक्षण के दौरान देखी गई 05 खराब सड़कों का उल्लेख करते हुए निर्देशित किया गया कि अगले 15 दिनों के भीतर आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण किए जाएँ. निर्धारित अवधि में सुधार न होने पर संबंधित सड़क निर्माण/अनुरक्षण एजेंसी के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी.
पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर कराए गए सुधार कार्यों की वास्तविक स्थिति का पुनः परीक्षण एवं ऑडिट कराया जाए. इसके अलावा उन्होंने अपर पुलिस उपायुक्त को निर्देशित किया गया कि थाना एवं चौकी प्रभारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए अतिक्रमण हटाने एवं यातायात जाम की समस्या का नियमित समाधान सुनिश्चित कराया जाए. यह कार्य केवल औपचारिक कार्रवाई न होकर नियमित अभियान के रूप में संचालित किया जाए.
सड़क एजेंसी का नाम प्रदर्शित करना
प्रत्येक सड़क निर्माण/अनुरक्षण एजेंसी को निर्देशित किया गया कि संबंधित सड़क के प्रारंभिक बिंदु पर अपना नाम प्रदर्शित करें, जिससे सड़क की जिम्मेदार एजेंसी की स्पष्ट पहचान हो सके. राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) एवं ODR पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्यु दर पर चिंता व्यक्त की गई. संबंधित विभागों को मार्गवार दुर्घटना विश्लेषण रिपोर्ट तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए.
स्कूल वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई
जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि— परमिट एवं फिटनेस समाप्त हो चुके स्कूल वाहनों का संचालन कराने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी करें. व्हाट्सएप समूह के माध्यम से सभी विद्यालयों को सूचना उपलब्ध कराई जाए. इस कार्य के लिए एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए. जनपद में संचालित 108 एम्बुलेंस सेवाओं की संख्या बढ़ाने तथा उनके रिस्पॉन्स टाइम में सुधार लाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए.
रायभा टोल प्लाजा एवं फतेहाबाद (आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे) टोल प्लाजा द्वारा ओवरलोड वाहनों की सूचना समय से उपलब्ध न कराए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई. दोनों टोल प्लाजा के प्रबंधकों/प्रमुखों को निर्देशित किया गया कि अगली बैठक में आवश्यक आंकड़ों सहित उपस्थित हों, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.