आगरालीक्स…. आगरा में भीम नगरी आयोजन में 30 फीट ऊँचा लाइटिंग स्टैंड गिरने से पूर्व प्रधान की मौत हो गई, जबकि केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बाल बाल बच गए। पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुबेश सहित एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिली।
आगरा के नगला पदमा, ग्वालियर रोड पर भीम नगरी आयोजित की गई है। शुक्रवार रात नौ बजे केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भीम नगरी का शुभरंभ किया, केंद्रीय मंत्री संबोधित कर रहे थे, रात 9.30 बजे आंधी चलने लगी। आंधी के कारण बिजली बंद हो गई, केंद्रीय मंत्री ने अपना संबोधन रोक दिया। 9.40 बजे मंच पर रोशनी के लिए लगा 30 फीट ऊँचा भारी भरकम लाइटिंग स्टैंड गिर गया। जिस जगह लाइटिंग स्टैंड गिरा, वहां भीम नगरी आयोजन समिति के पदाधिकारी सोफे पर बैठे हुए थे, वे लाइटिंग स्टैंड की चपेट में आ गए।
पूर्व प्रधान की मौत, 12 घायल
हादसे में पूर्व प्रधान राजू के गंभीर चोट आई, परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन मौत हो गई। पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुबेश के सिर में चोट आई है और चार टांके लगाए गए। केंद्रीय समिति के महामंत्री धर्मेंद्र सोनी की पसलियों में फ्रैक्चर हो गया है। जबकि अन्य लोगों को हल्की चोट आई है।
1996 में पहली बार सजी थी भीमनगरी
आगरा में पहली बार 1996 में भीम नगरी सजी, इसके बाद से हर साल अंबेडकर जयंती पर भीम नगरी का आयोजन हो रहा था। 2020 और 2021 में कोरोना काल में भीम नगरी का आयोजन नहीं हुआ। दो साल बाद भीम नगरी का आयोजन हुआ था, इस तरह का हादसा पहले कभी नहीं हुआ है।
भीम नगरी आयोजन निरस्त
हादसे के बाद भीम नगरी आयोजन में होने वाले सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं। शनिवार को भीम नगरी में यूपी सरकार में मंत्री असीम अरुण आ रहे थे लेकिन अब आयोजन नहीं होगा। कमेटी के कोषाध्यक्ष श्याम जरारी का कहना है कि हादसे के बाद 16 और 17 अप्रैल के आयोजन नहीं होंगे।