आगरालीक्स….. आगरा में आंधी से भीमनगरी के मंच पर लाइटिंग स्टैंड गिरने से हादसा, पूर्व विधायक सहित आधा दर्जन लोग घायल। जिस समय स्टैंड गिरा, उस समय केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भीम नगरी में आए लोगों को संबोधित कर रहे थे।
आगरा के सदर क्षेत्र के नगला पदमा में भीमनगरी का आयोजन किया गया है। तीन दिवसीय भीम नगरी आयोजन में दूसरे दिन शुक्रवार रात में केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल लोगों को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान मंच पर लगा एक बड़ा लाइटिंग स्टैंड, जिससे पूरे मंच पर रोशनी थी, वह गिर गया। स्टैंड के गिरने से पूर्व विधायक गुटयारी लाल दुबेश, भीम नगरी आयोजन कमेटी के महामंत्री धर्मेंद्र सोनी सहित कई लोग घायल हो गए।
मंच पर अंधेरा, अस्पताल में कराया भर्ती
टाइटिंग स्टैंड के गिरते ही करेंट न फैले, इसके चलते विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। मंच पर अंधेरा हो गया। भीम नगरी आयोजन समिति के सदस्य घायलों को लेकर बोन हॉस्पिटल, प्रताप नगर चौराहा पहुंचे। यहां वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. डीवी शर्मा ने पूर्व विधायक गुटयारी लाल दुबेश के सिर में चोट लगने पर टांके लगाए। कई और घायलों का इलाज किया। वहीं, महामंत्री धर्मेंद्र सोनी के सिर में चोट आने पर पुष्पांजलि हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।

पहली लाइन में बैठे लोग हुए घायल
लाइटिंग स्टैंड के गिरने से मंच के सामने पहली लाइन में सौफा पर बैठे लोग चपेट में आ गए। अचानक से लाइटिंग स्टैंड गिरा, इससे वे बच नहीं सके। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई, इससे अफरा तफरी का माहौल रहा।