आगरालीक्स:…Agra News: आगरा की रामलीला में वाकयुद्ध से मर्यादाएं तार तार हो रही हैं, कहा राजा दशरथ गलती करेगा तो हम बार बार गुंडई करेंगे। न मिलनी हुई न विदाई, दशरथ के स्वरूप दुबई रवाना। ( Agra News: War of words in Shree Ram Leela Janakpuri#Agra )
आगरा में उत्तर भारत की 148 साल पुरानी रामलीला में 17 सितंबर को रामबरात निकली। राजा दशरथ के स्वरूप अजय अग्रवाल, प्रभु श्री राम और उनके भ्राताओं के स्वरूप के साथ 18 सितंबर की सुबह कमला नगर में सजी जनकपुरी में पहुंचे। शाम को जनकपुरी के मंच पर अव्यवस्था और अगले दिन 19 सितंबर को बड़हार की दावत में व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित ना करने पर राजा दशरथ नहीं गए और वीडियो जारी कर जनकपुरी आयोजन समिति से जुड़े दोनों पार्षदों पर भी आरोप लगाए। अपनी सुरक्षा की भी मांग की। इसके चलते जनकपुरी के मंच से जब माता सीता की विदाई हुई तो राजा दशरथ और राजा जनक के स्वरूपों ने न मिलनी की रस्म हुई और न विदाई हुई। राजा दशरथ के स्वरूप अजय अग्रवाल दुबई रवाना हो गए।
सोशल मीडिया पर वाकयुद्ध
राजा दशरथ के आरोप के बाद जनकपुरी आयोजन समिति ने 20 सितंबर को प्रेसवार्ता बुलाई लेकिन बाद में रद कर दी। इसके बाद जनकपुरी आयोजन समिति से जुड़े पार्षद पंकज अग्रवाल ने कहा कि राजा दशरथ मंच पर जूते पहनकर चढ़े, तो मैंने टोका तो मुझसे बोले कि जानता नहीं मुझे तेरा चश्मा उतारकार फेंक दूंगा। यदि राजा दशरथ गलती करेगा तो हम बार बार गुंडई करेगें। महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि राजा दशरथ स्वरूप ने हम पर जान का खतरे का आरोप लगाया है। मैं पुलिस से अपील करता हूं कि उन्हें आगरा में नजरबंद करें, कहीं दिल्ली और बाहर घटना हुई तो हम पर इल्जाम लगेगा। हम जनकपुरी को अखाड़ा नहीं बना रहे, हम पर जो आरोप लगाए हैं उनका उत्तर दे रहे हैं।