आगरालीक्स…शॉकिंग, आगरा में 298 परिषदीय स्कूल अत्यंत जर्जर स्थिति में. 141 स्कूल किए ध्वस्त..बाकी स्कूलों के बाहर लगे चेतावनी लिखे बैनर. डीएम के सख्त आदेश—बच्चों की पढ़ाई के लिए करें ये काम
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों के जर्जर भवनों संबंधी समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु के दृष्टिगत जर्जर भवनों के सर्वे पूर्ण कर रिपोर्ट तलब की. इसमें बीएसए द्वारा बताया गया कि जनपद आगरा के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों की भौतिक स्थिति का गहन मूल्यांकन एवं सत्यापन किया गया, जिसमें पाया गया कि कुल 298 विद्यालय जनपद में जर्जर अवस्था में चिह्नित किए गए हैं. ये विद्यालय भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं तथा बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से अनुपयुक्त हैं. बीएसए द्वारा बताया गया कि इनमें से 141 विद्यालयों का ध्वस्तीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है. शेष 157 विद्यालयों के ध्वस्तीकरण हेतु तकनीकी समिति द्वारा मूल्यांकन प्राप्त हो चुका है.डीएम ने जारी किए कड़े निर्देश
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी ब्लॉकों में खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तथा जेई आरईएस को शामिल करते हुए तत्काल प्रभाव से कमेटी गठित कर सभी परिषदीय स्कूलों के जर्जर,असुरक्षित, जोखिमपूर्ण भवनों का सत्यापन करा अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए. बैठक में जिलाधिकारी ने जर्जर,जोखिमपूर्ण कक्षों,भवनों को चिह्नित कर उन्हें तत्काल शील करने तथा ध्वस्तीकरण की कार्यवाही होने तक सावधानी हेतु ऐसे स्कूल भवनों पर जर्जर,असुरक्षित होने का बोर्ड लगाएं या इस आशय का स्टीकर या लाल रंग से पेंट कर लिखवाने के निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने उक्त कार्य आज ही संपादित कर रिपोर्ट देने तथा बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत स्कूल को अन्य भवन मे शिफ्ट करने को निर्देशित किया.