आगरालीक्स…आगरा के एसएन में नवप्रवेशित एमबीबीएस 2025 बैच के लिए हुई व्हाइट कोर्ट सेरेमनी. स्वागत करते हुए डॉक्टर बनने की जिम्मेदारियों और मर्यादाओं के प्रति सजग रहने का दिया संदेश. शपथ ली
सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज, आगरा में आज नवप्रवेशित एमबीबीएस 2025 बैच के लिए प्रतिष्ठित व्हाइट कोट सेरेमनी बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ आयोजित की गई। यह समारोह विद्यार्थियों के चिकित्सा व्यवसाय में औपचारिक प्रवेश तथा चिकित्सा-नीति एवं मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। प्रधानाचार्य एवं डीन, डॉ. प्रशांत गुप्ता ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें डॉक्टर बनने की जिम्मेदारियों और मर्यादाओं के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इसके बाद चरक शपथ दिलाई गई, जिसने विद्यार्थियों को करुणा, निष्ठा और पेशेवर ईमानदारी की प्रेरणा दी। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने अपना पहला व्हाइट कोट धारण किया, जो समर्पण, सेवा और ज्ञान के प्रति उनकी आजीवन प्रतिबद्धता का प्रतीक है।सभी विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने प्रेरक संबोधन से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। डॉ. टी. पी. सिंह (उप-प्रधानाचार्य एवं मेडिसिन विभागाध्यक्ष) ने अनुशासन और आजीवन सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. अंजलि गुप्ता (एनाटॉमी विभागाध्यक्ष) ने मजबूत आधारभूत ज्ञान विकसित करने की प्रेरणा दी। डॉ. दिव्या श्रीवास्तव (फिज़ियोलॉजी विभागाध्यक्ष) ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सहानुभूति को एक श्रेष्ठ चिकित्सक का मूल गुण बताया। डॉ. कामना सिंह (बायोकैमिस्ट्री विभागाध्यक्ष) ने लैब कार्य में शुद्धता, निरंतरता और नैतिकता के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. रेनू अग्रवाल (पी.एस.एम. विभागाध्यक्ष) ने सामुदायिक स्वास्थ्य और निवारक चिकित्सा की भूमिका पर जोर दिया। डॉ. अंकुर गोयल (माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं परीक्षा अधीक्षक) ने विद्यार्थियों को परीक्षा अनुशासन, विश्वविद्यालय नियमों और अकादमिक ईमानदारी के महत्व से अवगत कराया। डॉ. राजेश गुप्ता (सर्जरी विभागाध्यक्ष) ने कौशल, धैर्य और आत्मविश्वास से चिकित्सा अभ्यास करने की प्रेरणा दी। डॉ. शिखा सिंह (स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष) ने महिलाओं के स्वास्थ्य, मातृत्व देखभाल और संवेदनशीलता के महत्व पर प्रकाश डाला।
डॉ. ऋचा श्रीवास्तव ने मेंटॉरशिप कार्यक्रम का परिचय कराया, जो विद्यार्थियों को शैक्षणिक और भावनात्मक सहयोग प्रदान करेगा। हॉस्टल नियम एवं दिशानिर्देश डॉ. रुचिका गर्ग और डॉ. के. एस. दिनकर द्वारा साझा किए गए। एमबीबीएस 2024 बैच के विद्यार्थियों ने एस.एन.एम.सी. गीत प्रस्तुत किया, जिसने कार्यक्रम में उत्साह और गर्व का संचार किया। कार्यक्रम का समापन यूजी अकादमिक इंचार्ज, डॉ. दिव्या श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम का संयोजन डॉ. सुदिप्ति यादव, सहायक प्रोफेसर, फिज़ियोलॉजी द्वारा किया गया। यह समारोह नए बैच के विद्यार्थियों के चिकित्सा जीवन की एक प्रेरणादायक और अविस्मरणीय शुरुआत बन गया।