आगरालीक्स…हैप्पी टीचर्स बनाते हैं हैप्पी क्लासरूम. गायत्री पब्लिक स्कूल में हुई हैप्पी क्लासरूम पर वर्कशॉप. इन विषयों पर की खुलकर चर्चा
सीओई सीबीएसई नोएडा के सौजन्य से गायत्री पब्लिक स्कूल शास्त्रीपुरम के तत्वावधान में कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम के तहत ‘हैप्पी क्लासरूम’ पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारम्भ विद्यालय प्रबंधक प्रद्युम्न चतुर्वेदी, प्रधानाचार्या मोनिका सिंह तथा कार्यशाला के मुख्य वक्ता अरविंद श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल एवं जेके अग्रवाल, प्रधानाचार्य दून पब्लिक स्कूल, हाथरस द्वारा गुरुवर श्री पंडित राम शर्मा आचार्य के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया।
यह कार्यशाला दो सत्रों में आयोजित की गई, जिसमें सुधी वक्ताओं ने कक्षागत एवं पाठ्यगत अध्यापन के साथ-साथ उन विषयों पर आगंतुक शिक्षकों से खुलकर चर्चा की जिसके कारण बच्चे तनावग्रस्त रहते हैं। उन्होंने मानसिक विकास, स्वयं में जागरूकता, नियमितता, संबंधों की समझ, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, समय प्रबंधन, सद्व्यवहार, अभद्र आचरण, प्रसन्नता प्राप्ति के मार्ग, आशावादी होने की प्रवृत्ति, हैप्पी क्लासरूम बनाने की रणनीति आदि विषयों पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला तथा विभिन्न गतिविधियों जैसे- जीवंत क्रियाकलाप ऑडियो-वीडियो, सार्थक संवाद एवं प्रश्नोत्तरी के द्वारा नगर के पृथक्-पृथक् सी.बी.एस.ई. विद्यालयों के 60 प्रतिभागी शिक्षकों को कक्षा-कक्ष को खुशनुमा एवं पठन-पाठन योग्य माहौल बनाने की बारीकियों के बारे में अवगत कराया।
अंत में प्रधानाचार्या मोनिका सिंह ने सभी आगंतुक शिक्षकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा हमारी आंतरिक मनःस्थिति हमारे सभी क्रियाकलापों को प्रभावित करती है। क्लासरूम को खुशहाल बनाने के लिए पहले शिक्षक को स्वयं खुश होना पड़ेगा तभी बच्चों में खुशी का माहौल बन पाएगा और कक्षा में जीवंतता, सजीवता, सृजनशीलता और रचनात्मकता का संचार हो सकेगा।