आगरालीक्स …Agra News: आगरा में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से दो फीट ऊपर पहुंचा, श्मशान घाट डूबा। गोकुल बैराज से छोड़ा गया एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी।
आगरा में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, ओखला बैराज और गोकुल बैराज से छोड़े जा रहे पानी से यमुना का जलस्तर रविवार रात को 497 फीट पर पहुंच गया, यह खतरे के निशान से दो फीट अधिक है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से शहर और देहात में यमुना किनारे रह रहे लोगों को यमुना का बढ़ता जलस्तर डराने लगा है।
ताजगंज श्मशान घाट डूबा, एत्माउददौला स्मारक की कोठरिया भी डूबी
लगातार जलस्तर बढ़ने से ताजगंज श्मशान घाट डूब गया है, श्मशान घाट में पानी भरने लगा है। वहीं, एत्माउददौला स्मारक की यमुना किनारे की कोठरियां आधी डूब गई हैं, मनोहर पुर में यमुना की तलहटी में बनी झोपड़ी डूब गई हैं और सड़क के पास तक पानी आ गया है। इसी तरह से कैलाश मंदिर के साथ ही यमुना किनारे फतेहाबाद और पिनाहट क्षेत्र में भी लगातार पानी बढ़ रहा है।
1.08 लाख क्यूसेक छोड़ा गया पानी, 36 घंटे में आएगा आगरा
गोकुल बेराज से 1.08 लाख क्यूसेक पानी और आगरा के लिए छोड़ा गया है, पानी को आगरा आने में 36 घंटे का समय लग जाता है जिस तरह से बारिश हो रही है इससे यमुना में लगातार जलस्तर बढ़ने की उम्मीद है।